अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस्राएल की हिजबुल्लाह पर सैन्य कार्रवाई की निंदा की
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस्राएल की हिजबुल्लाह पर सैन्य कार्रवाई की निंदा की है। फ्रांस में जारी जी-7 सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा कि ये संघर्ष बहुत लम्बे समय से जारी है और इसमें कई लोगों की जान गई है। उन्होंने इ्स्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू से सैन्य कार्रवाईयों के संचालन में अधिक जिम्मेदारी बरतने का आग्रह किया है।
ईरान ने आरोप लगाया है कि अमरीका–ईरान समझौता ज्ञापन की घोषणा के बाद से इज़राइल ने लेबनान में युद्धविराम का कई बार उल्लंघन किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि हमले जारी रहे तो कड़ा जवाब दिया जा सकता है। ईरान के सैन्य अधिकारियों का कहा है कि इज़राइली बलों ने 48 घंटे में 84 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का उल्लंघन ईरान और अमरीका के बीच जारी व्यापक कूटनीतिक प्रक्रिया के लिए खतरा बन सकता है। वहीं इस बीच, हिज़्बुल्लाह के अधिकारियों का कहना है कि समझौते के बाद से संगठन ने कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा है कि इज़राइल को भी युद्धविराम की शर्तों का पालन करना चाहिए। वहीं दूसरी ओर, इज़राइली नेतृत्व ने संकेत दिया है कि सुरक्षा खतरों को देखते हुए सैन्य अभियान जारी रहेंगे और उत्तरी सीमा पर सेना हाई अलर्ट पर बनी रहेगी।





