insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi held bilateral meetings with European Council President António Costa and European Commission President Ursula von der Leyen on the sidelines of the G7 Summit.
Current Affairs अंतर्राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा तथा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा तथा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

जनवरी 2026 में भारत में आयोजित ऐतिहासिक 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन का स्मरण करते हुए नेताओं ने तब से भारत-यूरोपीय संघ द्विपक्षीय संबंधों में हुई उल्लेखनीय प्रगति का स्वागत किया। नेताओं ने हाल में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हुई वार्ता के सफल समापन को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया तथा इस पर शीघ्र हस्ताक्षर और इसके त्वरित कार्यान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार एवं निवेश के लिए व्यापक अवसर खुलेंगे तथा विशेषकर वर्तमान अशांत भू-राजनीतिक परिस्थितियों में आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र होने के साथ-साथ खुली बाजार अर्थव्यवस्थाओं और बहुलतावादी समाजों के रूप में भारत और यूरोपीय संघ के संबंध आपसी विश्वास, साझा मूल्यों तथा भविष्य के लिए समान विज़न पर आधारित हैं। नेताओं ने जनवरी 2026 में अनुमोदित भारत-यूरोपीय संघ संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की तथा इस बात पर सहमति व्यक्त की कि यह भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगा तथा दोनों पक्षों के लिए लाभकारी एवं परिवर्तनकारी परिणाम सुनिश्चित करेगा।

पारस्परिक हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हुए नेताओं ने पश्चिम एशिया में हुए हालिया घटनाक्रमों का स्वागत किया। उन्होंने शांति एवं स्थिरता, समृद्धि तथा सतत् विकास को बढ़ावा देने वाली एक सुदृढ़ बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था के निर्माण के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *