भारत ने आज ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत जी.एफ.एस गैलेक्सी पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पोत पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जारी राहत तथा बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। भारत ने इस सहायता के लिए ओमान की सरकार का आभार व्यक्त किया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध नौवहन और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।




