रेल मंत्रालय ने टिकट बुकिंग आसान और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन-आई-आर-सी-टी-सी की वेबसाइट का एक नया स्वरूप जारी किया है। आईआरसीटीसी ने इसमें चार बड़े सुधार किए हैं।
इन सुधारों में पहला सुधार है कि इसमें कैप्चा, पॉप-अप या ध्यान भटकाने वाली दूसरी चीज़ें नहीं हैं। दूसरा, यात्री सभी क्लास में सीट की उपलब्धता देख सकते हैं। तीसरा, इसमें टिकट बुक करने के लिए ज़रूरी स्टेप्स की संख्या कम है और वेबसाइट अब यात्रियों की जानकारी सेव कर लेगी, जिससे दोबारा बुकिंग करना आसान हो जाएगा। मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर भी इस नए बीटा वर्जन का लिंक उपलब्ध है। मंत्रालय ने उपयोगकर्ताओं से इसके आसान फ़ीचर्स पर फ़ीडबैक देने का अनुरोध किया है। आईआरसीटीसी वेबसाइट पहली बार 2002 में शुरू की गई थी और अभी यह हर दिन औसतन लगभग साढे चौदह लाख टिकट बुकिंग संभालती है।





