गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कथित आतंकी मॉड्यूल के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया
गुजरात में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ए.टी.एस.) ने प्रतिबंधित पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों को पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खड़ियाल गांव से पकड़ा गया। एटीएस के अनुसार, इन लोगों के नाम इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किए गए आठ कथित जैश-ए-मोहम्मद सदस्यों से पूछताछ के दौरान सामने आए।
जिला न्यायालय ने सभी आरोपियों को 24 जुलाई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया है। तीन जुलाई को गुजरात एटीएस ने गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से जैश-ए-मोहम्मद के आठ कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी गुजरात में सक्रिय आतंकी नेटवर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे।





