केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से आग्रह किया है कि वे संसद के आगामी मॉनसून सत्र की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करें। मीडिया से बातचीत में किरेन रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस मॉनसून सत्र के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने में योगदान और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि संसद सभी की है और इस दौरान सरकार विभिन्न विधायी कार्य करेगी और विधेयक प्रस्तुत करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्य रचनात्मक रूप से इसमें भाग लेंगे। किरेन रिजिजू ने कहा कि संसद जितनी कुशलता से काम करेगी, देश के लिए उतना ही अच्छा होगा।
कोई पार्टी या कोई मेंबर अपना जो भी बात रखना चाहता है पार्लियामेंट में पूरा रख सकते हैं। मैं विपक्ष के साथियों को कहना चाहता हूं कि पहले में भी पार्लियामेंट को चलाने में दिक्कत आई थी क्योंकि हंगामा बहुत ज्यादा हुआ था लोग चाहते हैं कि पार्लियामेंट सुचारू रूप से चले इसलिए मैं फिर से सब पार्टी के नेताओं को मैं अनुरोध करता हूं कि पार्लियामेंट अच्छी तरह से चले इसमें सब लोग योगदान करें और हम भी विपक्ष की बात सुनेंगे और विपक्ष भी हमारी बात सुने।
किरेन रिजिजू ने कहा कि यह बार-बार साबित हो चुका है कि संसद में व्यवधान डालने से कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की बात सुनने को तैयार है और उसे उम्मीद है कि विपक्ष भी सरकार की बात को सुनेगा। उन्होंने कहा कि सदन में व्यवधान डालने से सभी का समय बर्बाद होता है और करदाताओं का पैसा भी व्यर्थ हो जाता है।





