NHRC ने वाराणसी के एक निजी स्कूल में एक 5 वर्षीय बच्चे के साथ शिक्षक द्वारा कथित यातना और अमानवीय व्यवहार का स्वतः संज्ञान लिया
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 5 वर्षीय बच्चे के साथ उसके शिक्षक द्वारा किए गए दुर्व्यवहार और अमानवीय व्यवहार की मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। बताया जाता है कि बच्चे द्वारा पैंट में पेशाब कर देने पर क्रोधित शिक्षक उसे स्कूल की रसोई में ले गया और गर्म चाकू से उसके गुप्तांगों को दाग दिया।
आयोग ने कहा है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। तदनुसार, आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और वाराणसी पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में पीड़ित लड़के के स्वास्थ्य की स्थिति भी शामिल करने को कहा है।
28 जुलाई 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घर लौटने के बाद लड़के ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। बताया जाता है कि शिक्षक ने उसे चेतावनी दी कि अगर उसने दोबारा ऐसा किया तो उसे और भी कड़ी सजा दी जाएगी।





