वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि लाल सागर संकट और वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद चालू वित्त वर्ष में अब तक भारत के माल निर्यात में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पीयूष गोयल ने जेआरडी टाटा स्मारक व्याख्यान देते हुए कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार मार्गों में व्यवधान के बावजूद देश का माल निर्यात मजबूत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत का निर्यात देश की आर्थिक बुनियाद की मजबूती को दर्शाता है, जबकि दुनिया भर के व्यवसाय पश्चिम एशिया में संघर्ष और प्रमुख शिपिंग गलियारों में व्यवधान से पैदा अनिश्चितता से जूझ रहे हैं। पीयूष गोयल ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में लगातार वैश्विक चुनौतियां बनी हुई हैं, जिनमें कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और गैस बाजारों में अस्थिरता, साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की अनिश्चितता और लाल सागर संकट शामिल हैं।





