झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थियों का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया है। जेपीएससी जेएसएससी आंदोलन के अगले चरण के तहत छात्र नेताओं ने बताया कि उनका आंदोलन 22वें दिन में प्रवेश कर चुका है और उनकी प्रमुख मांगें अब भी लंबित हैं। छात्र जेपीएससी की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने के साथ-साथ कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने राज्य सरकार को 18 अगस्त तक सकारात्मक पहल करने का अल्टीमेटम दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पहली बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग भी उठाई है। उन्होंने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है और कहा है कि मांगें पूरी नहीं होने पर वहीं से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।





