भारत और कुवैत विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी प्रगाढ़ करने पर सहमत हो गए हैं। कुवैत में कल आठवीं भारत-कुवैत विदेश कार्यालय परामर्श बैठक में यह सहमति बनी। विदेश मंत्रालय के अपर सचिव असीम महाजन और कुवैत के विदेश मंत्रालय में एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री नवाफ अब्दुललतीफ सुलेमान अल-अहमद ने बैठक की सह-अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इन क्षेत्रों में राजनीतिक संबंध, व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंध शामिल हैं। दोनों पक्षों ने सहयोग के लिए संयुक्त आयोग के तहत संयुक्त कार्य समूह की बैठकों में हुई प्रगति की भी समीक्षा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष नई दिल्ली में आपसी सहमति वाली तारीख पर विदेश कार्यालय परामर्श का अगला दौर आयोजित करने पर सहमत हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत और कुवैत के बीच लंबे समय से संबंध रहे हैं, जिन्हें दिसंबर 2024 में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। मंत्रालय ने यह भी कहा कि कुवैत में रहने वाले 10 दशमलव 5 लाख भारतीय दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं।





