प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इस सुस्थापित रुख को दोहराया है कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने आज नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में हुए हालिया घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने, नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता की रक्षा करने और नाविकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद ब्रिक्स से संबंधित बैठकों में ईरान की नियमित और उच्च स्तरीय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अल्प विकसित और विकासशील देशों के बीच लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता की भावना को बढ़ावा देने में ब्रिक्स की क्षमता का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स व्यापार मंच के नेताओं के सत्र में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति पेज़ेश्कियन को भी धन्यवाद दिया।





