insamachar

आज की ताजा खबर

India largest ever contingent of skilled youth departs to participate in WorldSkills Shanghai 2026
भारत

‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में भाग लेने हेतु भारत का अब तक का सबसे बड़ा कुशल युवाओं का दल रवाना

भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) ने आज नई दिल्ली के कौशल भवन में ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में भाग लेने वाले भारतीय दल को रवाना करने हेतु एक समारोह का आयोजन किया।

चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर 2026 तक होने वाली ‘48वीं वर्ल्डस्किल्स’ प्रतियोगिता में, भारत का अब तक का सबसे बड़ा 70 कुशल युवा प्रतिस्पर्धियों का दल 63 कौशल श्रेणियों में देश का प्रतिनिधित्व करेगा। ये प्रतिस्पर्धी दुनिया के मंच पर तकनीकी उत्कृष्टता, रचनात्मकता, सटीकता, नवाचार और कारीगरी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे।

इस समारोह में भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी; उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल; राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के गृह, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद; और सांसद एवं जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल शामिल हुए।

इस मौके पर एमएसडीई की सचिव देबाश्री मुखर्जी; प्रशिक्षण महानिदेशालय के महानिदेशक दिलीप कुमार; एमएसडीई के अपर सचिव निरंजन कुमार सुधांशु; एमएसडीई की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार मनीषा सेनशर्मा; राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सीईओ अरुणकुमार पिल्लई के साथ-साथ सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ, मार्गदर्शक, प्रतियोगी और उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

‘टीम इंडिया’ को संबोधित करते हुए, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने कहा, “टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी, रचनात्मक और डिजिटल रूप से कुशल एक ऐसी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती है, जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लोगों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार है। नए युग के कौशल में हमारी भागीदारी भारत के कौशल विकास इकोसिस्टम की बढ़ती गहराई को दर्शाती है। प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित होकर, सरकार कौशल प्रतियोगिताओं, कौशल महोत्सवों और राज्यों व उद्योग जगत के साथ मजबूत साझेदारी के जरिए कौशल विकास को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ा रही है। हमें भविष्य में ऐसी वैश्विक कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का भी लक्ष्य रखना चाहिए। मैं अपने प्रतियोगियों से कहता हूं – अपने प्रशिक्षण पर भरोसा रखें, फोकस बनाए रखें और निर्भीक होकर प्रतिस्पर्धा करें। शंघाई महज एक प्रतियोगिता भर नहीं है, बल्कि यह इस बात को जानने का अवसर भी है कि आपका कौशल आपको कितनी दूर ले जा सकता है। ‘कभी हार न मानने’ की भावना को अपनाएं, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और एक पीढ़ी को आत्मविश्वास एवं गर्व के साथ कौशल को अपनाने के लिए प्रेरित करें।” एकता और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए, जयंत चौधरी ने भारत के प्रतिस्पर्धियों के लिए तैयार की गई वह नई पोशाक पहनी जिसे टीम इंडिया ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ के दौरान पहनेगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उद्यमिता को बढ़ावा देने और उद्योग जगत के साथ बेहतर तालमेल के जरिए ‘स्किल इंडिया मिशन’ के लिए राज्य के निरंतर सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में ‘टीम इंडिया’ के हिस्से के तौर पर उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं की भागीदारी पर गर्व जताया। साथ ही, उन्होंने राज्य के हर जिले में कौशल विकास के अवसर बढ़ाने और युवाओं को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम बनाने हेतु केन्द्र सरकार के साथ मिलकर काम करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार में गृह, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण व तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच की खाई को पाटने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में ‘टीम इंडिया’ की भागीदारी यह दर्शाती है कि कैसे सही प्रशिक्षण और सही अवसरों की सुलभता युवाओं को वैश्विक स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने में मदद कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने और रोजगार व उद्यमिता के लिए स्पष्ट मार्ग उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कौशल विकास के साझा एजेंडे को आगे बढ़ाने और तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था के लिए युवाओं को तैयार करने हेतु केन्द्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

इस साझेदारी पर बात करते हुए, जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने कहा, “भारत के युवा कौशल चैंपियन आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प की मिसाल हैं। हमें गर्व है कि हम ‘टीम इंडिया’ का समर्थन कर रहे हैं, जो ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में देश की उम्मीदों को आगे ले जा रही है। मैं सभी प्रतिस्पर्धियों को दुनिया के सामने भारतीय प्रतिभा एवं उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देता हूं।” जिंदल स्टील, ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ अभियान के दौरान टीम इंडिया का आधिकारिक मर्चेंडाइज प्रायोजक है और वह भारतीय प्रतिस्पर्धियों को औपचारिक समारोह एवं प्रतियोगिता संबंधी पोशाक के मामले में सहायता प्रदान कर रहा है।

भारत पहली बार 11 नई कौशल श्रेणियों – डेंटल प्रोस्थेटिक्स, डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन, इंटेलिजेंट सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी, लैंडस्केप गार्डनिंग, ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स, इंडस्ट्रियल मैकेनिक्स, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग, हेवी व्हीकल टेक्नोलॉजी और एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस – में हिस्सा लेगा। भारत की भागीदारी उसके कौशल इकोसिस्टम की बढ़ती गहराई और परिपक्वता को दर्शाती है। इस इकोसिस्टम का विस्तार अब पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर जटिल प्रौद्योगिकियों, विशिष्ट सेवाओं और अगली पीढ़ी की औद्योगिक क्षमताओं तक पहुंच रहा है।

‘टीम इंडिया’ की तैयारी में विभिन्न राज्य सरकारों, सेक्टर स्किल काउंसिल, प्रशिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत के साझेदारों, विशेषज्ञों और मार्गदर्शकों के एक बड़े नेटवर्क ने सहायता की है। विशिष्ट सुविधाओं, उपकरणों, तकनीकी जानकारी, सिमुलेशन एवं अंतरराष्ट्रीय अनुभव के जरिए, इन साझेदारों ने प्रतिस्पर्धियों को कड़े वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण लेने में मदद की है।

इस समारोह में ‘वर्ल्डस्किल्स इंडिया चैंपियंस क्लब’ के 16 सदस्यों के पहले समूह की घोषणा भी की गई। इस क्लब में भारत के कौशल संबंधी आंदोलन के दूत के तौर पर जाने-माने पूर्व प्रतिस्पर्धियों और पदक विजेताओं को एक साथ लाया गया है। यह क्लब इन चैंपियनों को उभरते हुए प्रतिस्पर्धियों का मार्गदर्शन करने, अपने अनुभव साझा करने और अधिक से अधिक युवाओं को आत्मविश्वास, उत्कृष्टता एवं गर्व के साथ कौशल सीखने के लिए प्रेरित करने में मदद करेगा।

‘वर्ल्डस्किल्स’, व्यावसायिक कौशलों में उत्कृष्ट कार्यों को पहचानने और उसे बढ़ावा देने वाला दुनिया का प्रमुख मंच है। शंघाई में होने वाले इस आयोजन में 60 से अधिक देशों एवं क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतिस्पर्धी 64 कौशल प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। देश 2015 में 29वें स्थान से आगे बढ़कर ‘वर्ल्डस्किल्स ल्योन 2024’ में 13वें स्थान पर पहुंच गया, जहां उसने चार कांस्य पदक और 12 उत्कृष्टता पदक जीते। भारत ने ‘वर्ल्डस्किल्स एशिया 2025’ में एशिया में आठवां स्थान भी हासिल किया।

अब जबकि 70-सदस्यीय दल शंघाई के लिए रवाना हो रहा है, तो वह अपने साथ देश की आकांक्षाएं, अपने प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शकों की विशेषज्ञता, उद्योग जगत एवं संस्थानों का सहयोग और देश भर के परिवारों का प्रोत्साहन लेकर जा रहा है। ‘टीम इंडिया’ दुनिया को यह दिखाने के लिए तैयार है कि भविष्य कुशलता के साथ कुछ नया सृजन, निर्माण, नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकने वालों का है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *