अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज भारत की आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देंगे।
रुबियो आज दोपहर मुंबई में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस वार्ता में भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। शाम को विदेश मंत्री रुबियो जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘फ्रीडम 250 रिसेप्शन’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में अमरीका के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों और भारत-अमरीका के राजनयिक संबंधों की प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा की जाएगी।
कल विदेश मंत्री रुबियो मुंबई में अपने दौरे का कार्यक्रम पूरा करने के बाद गुजरात के जामनगर के लिए रवाना होंगे। इस बीच, रुबियो ने ये भी संकेत दिया है कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। कल उज्बेकिस्तान के समरकंद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने रूस से तेल और गैस आयात करने वाले देशों पर प्रतिबंधों में अस्थायी छूट देने के अमरीका के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों पर दबाव कम करना है।
रुबियो ने कहा कि हर देश को अपनी परिस्थितियों को ध्यान में रखना होगा। इनमें भौगोलिक स्थिति और वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं से ऊर्जा प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेश नीति से जुड़े फैसले लेते समय इन पहलुओं पर विचार करना आवश्यक है।





