70वां धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस आज नागपुर के दीक्षाभूमि में मनाया जाएगा। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने 14 अक्टूबर 1956 को विजयादशमी के अवसर पर नागपुर की दीक्षाभूमि में अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धम्म की दीक्षा ली थी। इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में हर वर्ष धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस मनाया जाता है। 70वें धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस का मुख्य समारोह आज शाम दीक्षाभूमि में आयोजित किया जाएगा। परम पूज्य डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरेई ससाई तथा म्यांमार के भदंत वन्नासीरी महाथेरो इस समारोह में प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। हर वर्ष लाखों अनुयायी दीक्षाभूमि पहुंचकर स्तूप परिसर में स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।





