विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा, महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत और अमरीका के बीच असाधारण स्तर की सहमति
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत और अमरीका के बीच असाधारण स्तर की सहमति है। मुंबई में आयोजित ‘फ्रीडम 250’ स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दोनों के राष्ट्रीय हितों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर भारत और अमरीका के बीच असाधारण तालमेल है।
उन्होंने भारत को एक शक्तिशाली, प्रभावशाली और विकसित देश बताते हुए अमरीका का मजबूत भू-राजनीतिक साझेदार बताया। रुबियो ने कहा कि व्यक्तिगत गरिमा, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और कानून के शासन को बनाए रखने जैसे साझा मूल्यों के कारण दोनों देशों के बीच कई समानताएं हैं।
उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखना दोनों देशों के बीच सहमति का एक प्रमुख मुद्दा है। इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर किसी भी देश का एकाधिकार या स्वामित्व नहीं होना चाहिए। इससे पहले रुबियो ने कहा कि भारत और अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के बेहद करीब हैं। उन्होंने बताया कि समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है।
अमरीका के विदेश मंत्री कल दोपहर मुंबई पहुंचे थे। आज उनका गुजरात के जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज की पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का दौरा करने का कार्यक्रम है।





