insamachar

आज की ताजा खबर

NHAI has introduced a multi-lane free-flow tolling system at the Manoharapura toll plaza on the Delhi-Jaipur section of NH-48.
भारत

NHAI ने NH-48, दिल्ली-जयपुर खंड के मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली की शुरुआत की

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह प्रणाली में बदलाव लाने के उद्देश्य से, राजस्थान में एनएच-48 , दिल्ली-जयपुर खंड के मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) आधारित टोलिंग प्रणाली की शुरुआत की है। एनएचएआई ने 19 जून 2026 को दिल्ली-जयपुर खंड के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर राजस्थान की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली शुरू की थी। मनोहरपुरा के बाद, एनएचएआई एनएच-48 के व्यस्त दिल्ली-जयपुर खंड पर आवागमन को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर भी एमएलएफएफ प्रणाली की शुरुआत की योजना बना रहा है।

एमएलएफएफ के लागू होने से डिजिटल राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शून्य प्रतीक्षा समय और निर्बाध वाहन आवागमन को सक्षम बनाकर, एमएलएफएफ ने यात्रियों का समय बचाने, ईंधन दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ टोल स्थानों पर वाहन द्वारा उत्सर्जन को कम करने में मदद की है।

एमएलएफएफ फ्रेमवर्क यातायात के निर्बाध आवागमन के लिए न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप के साथ बाधा रहित टोल प्रणाली लागू करता है, यह प्रणाली स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) तकनीक को फास्टटैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह के साथ एकीकृत करके न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप के साथ स्वचालित उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह की सुविधा प्रदान करती है। यह पहल सरकार के नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने और प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर जीवन यापन और व्यापार में आसानी को बढ़ाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

एमएलएफएफ के लिए, राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को अपने एफएएसटैग खाते में पर्याप्त शेष राशि बनाए रखना आवश्यक है। एफएएसटैग में अपर्याप्त शेष राशि, अमान्य या खराब एफएएसटैग जैसी स्थितियों में, उपयोगकर्ताओं को शुल्क का भुगतान न करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक नोटिस (ई-नोटिस) जारी किया जाता है। ऐसे उपयोगकर्ताओं को ई-नोटिस प्राप्त होने के 72 घंटों के भीतर सामान्य उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान करना होगा। 72 घंटों के बाद भी भुगतान न करने पर, वाहन श्रेणी की सामान्य दर से दुगुनी दर से उपयोगकर्ता शुल्क लिया जाएगा। ई-नोटिस https://nhfeenotice.parivahan.gov.in पोर्टल और राजमार्गयात्रा ऐप के माध्यम से शुल्क का भुगतान किया जा सकता है।

एमएलएफएफ के कार्यान्वयन से पारदर्शिता बढ़ाकर, भौतिक टोल प्लाजा की परिचालन लागत को कम करके और देश भर में समग्र टोल संचालन दक्षता में सुधार करके टोलिंग प्रणाली को मजबूत करने में मदद मिली है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *