विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों से विविध आपूर्ति श्रृंखलाओं और मजबूत आर्थिक संबंधों का आह्वान किया
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों से विविध आपूर्ति श्रृंखलाओं और मजबूत आर्थिक संबंधों का आह्वान किया। राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक में उन्होंने व्यापार के नए विकल्प तलाशने की आवश्यकताओं पर भी बल दिया।
डॉ. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों और कारोबारी अग्रणियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रमंडल देशों को अपने आर्थिक जोखिम कम करने और व्यापार के नए विकल्प तलाशने की आवश्यकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन जैसी पहलों को जलवायु परिवर्तन से निपटने में महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक से अलग विदेश मंत्री ने एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री और वहां के विदेश मंत्री साथ भी बैठक की। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, लघु और मध्यम उद्यमों तथा प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने गयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के साथ बातचीत के बाद सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए गुयाना को 50 करोड़ अमरीकी डॉलर की ऋण सुविधा देने की घोषणा की। दोनों देशों ने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और यूपीआई जैसी भुगतान प्रणाली, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं तथा सूक्ष्म और लघु उद्यमों के विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग से जुड़े तीन समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।





