insamachar

आज की ताजा खबर

Defence Minister Rajnath Singh called upon the Air Force personnel stationed at Bagdogra to maintain full alertness and operational readiness.
Defence News भारत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बागडोगरा में तैनात वायुसेना कर्मियों से पूरी सतर्कता और अभियान की तैयारी बनाए रखने का आह्वान किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वोत्तर भारत की सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र के सामरिक महत्व को देखते हुए बागडोगरा में तैनात वायुसेना कर्मियों से पूरी सतर्कता और अभियान संबंधी तैयारी बनाए रखने का आह्वान किया है।

राजनाथ सिंह आज सिक्किम रवाना होने से पहले सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर वायुसेना कर्मियों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अब युद्ध केवल सीमाओं पर होने वाली पारंपरिक लड़ाई तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर हमले, ड्रोन से हमले, छद्म युद्ध और सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचनाएं फैलाना भी सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि इन नई चुनौतियों से निपटने के लिए सैन्य कर्मियों को नई तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए और वे आधुनिक उपकरणों से लैस होने चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल आधुनिक तकनीक से जीत हासिल नहीं की जा सकती। इसके लिए साहस, अनुशासन, ऊंचे मनोबल और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है।

राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों और स्थानीय लोगों के बीच अच्छे संबंध बनाए रखने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में आम लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय स्टार्टअप और उद्योग ड्रोन, ड्रोन रोधी प्रणाली तथा अन्य आधुनिक रक्षा उपकरणों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सशस्त्र बल भी भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी तकनीक और आधुनिक प्रशिक्षण के तरीके अपना रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि हर सफल सैन्य अभियान के पीछे पूरी टीम का सहयोग, समर्पण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता होती है। उन्होंने कहा कि पूरा देश अपने सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ा है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *