केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रोम में इटली की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें कीं
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इटली के रोम की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान 17 नवंबर, 2026 को इटली की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं।
पीयूष गोयल ने वाल्टर टोस्टो एस.पी.ए. के प्रबंध निदेशक लुका टोस्टो, नॉर्डइम्पियांटी सिस्टम एस.आर.एल. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियान पिएरो गाग्लियार्डी, एटिटेक के अध्यक्ष जियानी लेटिएरी, मागाल्डी ग्रीन एनर्जी की प्रबंध निदेशक लेटिजिया मागाल्डी और ब्राको इमेजिंग एस.पी.ए. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फुल्वियो रेनोल्डी ब्राको के साथ बैठकें कीं।
इन बैठकों में भारत में इटली का निवेश बढ़ाने, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और भारतीय साझेदारों के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। कंपनियों ने अपनी प्रौद्योगिकियां भारत लाने और विनिर्माण, विमान रखरखाव, थर्मल ऊर्जा भंडारण तथा औषधीय सामग्री जैसे क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ सहयोग करने में रुचि व्यक्त की।
पीयूष गोयल ने कंपनियों द्वारा दिखाई गई रुचि का स्वागत किया और उन्हें भारत के बुनियादी ढांचे, विमानन तथा स्वास्थ्य सेवा सेक्टरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ साझेदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।
भविष्य की कार्ययोजना के तहत उपयुक्त भारतीय संयुक्त उद्यम साझेदारों की पहचान करने, पायलट परियोजनाओं पर काम करने, लागत-तुलना संबंधी अध्ययन करने और भारतीय संस्थानों के साथ संयुक्त अध्ययन करने की आवश्यकता पर सहमति जताई गई।
ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं, जब भारत और इटली अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं और वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को प्रतिवर्ष 20 बिलियन यूरो तक पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं।





