insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन युद्ध के बीच खाद्य असुरक्षा से बचने के उपाय करने का आह्वान किया

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 1943 के बंगाल अकाल का हवाला और ग्‍लोबल साउथ पर संघर्षों के असमान प्रभाव को उजागर करते हुए यूक्रेन युद्ध के बीच खाद्य असुरक्षा से बचने के उपाय करने का आह्वान किया। कल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत हरीश परवथानेनी ने कहा कि विकासशील देश वैश्विक संघर्षों के कारण खाद्य, ईंधन, उर्वरक और ऊर्जा की कमी का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरकों के बिगड़ते संकट को रोकने के लिए काला सागर खाद्य आपूर्ति मार्गों, नागरिक बुनियादी ढांचे, नौवहन की स्वतंत्रता और मानवीय सहायता तक पहुंच के संरक्षण का आह्वान किया।

विश्‍व को अंतहीन युद्ध से युद्ध समाप्‍त करने की ओर बढ़ने के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संदेश को याद करते हुए हरीश परवथानेनी ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी प्रयासों में योगदान देने की भारत की तत्परता को दोहराया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब कहा था कि “यह युद्ध का युग नहीं है,” तो वे दृढ़ता से ग्‍लोबल साउथ के साथ खड़े थे।

परिषद में, भारत ने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमलों को समाप्त करने का आग्रह किया, और भारतीय चालक दल के सदस्यों की हत्या या लापता होने की घटनाओं का हवाला दिया तथा अफगानिस्तान, सूडान और फिलिस्तीन सहित विभिन्‍न देशों को भारत द्वारा दी जाने वाली खाद्य सहायता पर प्रकाश डाला।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *