भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना दृष्टिकोण और प्रस्तावित कार्ययोजना कल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति- आई.ओ.सी. के फ्यूचर होस्ट आयोग के साथ ऑनलाइन बैठक में प्रस्तुत की। प्रस्तुति के बाद कोलिंदा ग्राबर- कितारोविच के नेतृत्व वाले नौ सदस्यीय फ्यूचर होस्ट आयोग के साथ संक्षिप्त चर्चा भी हुई। इसमें प्रस्तावित मेजबान शहर अहमदाबाद की तैयारियों, खेल बुनियादी ढांचे और भारतीय ओलंपिक संघ को शहर, राज्य तथा केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग की जानकारी दी गई।
वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी शामिल हैं। आई.ओ.सी. भारत की दावेदारी पर आम लोगों की राय जानने के लिए एक गुमनाम सर्वेक्षण कराएगा। यह सर्वेक्षण दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की संभावना है। अगले वर्ष मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इसके निष्कर्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके बाद रणनीतिक संवाद का चरण शुरू होगा। इस चरण में मेजबानी में रुचि रखने वाले देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली और प्रमुख वित्तीय गारंटियों पर अपनी प्रारंभिक प्रतिक्रिया देनी होगी।





