insamachar

आज की ताजा खबर

57th International Film Festival of India
भारत

57वां अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव गोवा में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव कल शाम गोवा में संपन्न हो गया। समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार, महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सर्वश्रेष्ठ फिल्म का प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक पुरस्कार तियागो गुएदेस के निर्देशन में बनी पुर्तगाल और फ्रांस की संयुक्त फिल्म ‘आकी’ को दिया गया। इस पर और जानकारी दे रही हैं गोवा से हमारी संवाददाता सायरा मुजतबा।

सितारों से सजे रेड कार्पेट, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों के ऐलान ने समापन समारोह की शाम को यादगार बना दिया। तियागो गुएदेस के निर्देशन और पाउलो ब्रांको के निर्माण में बनी फ़िल्म अकी को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक पुरस्कार दिया गया। वहीं, जर्मनी के फ़िल्मकार वोल्कर श्लॉन्डॉर्फ़ को विज‍िटेशन के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक मिला, जबकि भारत के ऋषभ शेट्टी ने कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर – 1 में अपने शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का सिल्वर पीकॉक अपने नाम किया। वहीं द मेल्टडाउन में अपने अभिनय के लिए माया ओ’रूर्क को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाज़ा गया। लोरेंजो फेरो और लुकास ए. विग्नाले के निर्देशन में बनी अर्जेंटीना की फ़िल्म द रिवर ट्रेन को स्पेशल ज्यूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि द गोल्‍डन ऐज के लिए बेरेंजर तुहिन (thouin) को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फ़ीचर फ़िल्म निर्देशक का सिल्वर पीकॉक प्रदान किया गया। कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर – 1 को उसकी तकनीकी उत्कृष्टता, प्रभावशाली संगीत और अनूठी कहानी कहने की शैली के लिए अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी की ओर से स्पेशल मेंशन दिया गया। भारतीय सिनेमा की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए, हनुमान अंश के लिए डॉ. विशाल चतुर्वेदी को सर्वश्रेष्ठ भारतीय डेब्यू फ़ीचर फ़िल्म निर्देशक का पुरस्कार मिला। वहीं, सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज़ (ओटीटी) का पुरस्कार हिंदी डॉक्यूड्रामा मेड इन इंडिया अ टाइटंन स्‍टोरी (Made in India: A Titan Story) को दिया गया। फ़ैसल सोयसाल के निर्देशन में बनी तुर्किये की फ़िल्म रहमा (Rahma) ने प्रतिष्ठित आईसीएफटी यूनस्‍को यूनेस्को (ICFT-UNESCO) गांधी मेडल हासिल किया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *