मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हिमालय से सटे इलाक़ों में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय में भी बृहस्पतिवार तक कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में इस महीने की 26 तारीख तक अत्यधिक बारिश की संभावना है। इस बीच, विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में अगले तीन से चार दिनों तक कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इस महीने की 25 तारीख तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में न जाने की सलाह दी है।





