insamachar

आज की ताजा खबर

Defence News भारत

भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल के बीच जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर वायु रक्षा अभ्यास वीर गार्डियन -2026 आज संपन्न हुआ

भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल -जेएएसडीएफ के बीच जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर वायु रक्षा अभ्यास वीर गार्डियन -2026 आज संपन्न हो गया। दोनों वायु सेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने में यह अभ्यास अहम रहा। भारतीय वायु सेना ने अभ्यास में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित विभिन्न प्रकार के विमानों का उपयोग किया। जेएएसडीएफ ने एफ-2ए युद्धक विमान के साथ अभ्यास में भाग लिया।

14 दिनों के संयुक्त अभ्यास में, भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल- जेएएसडीएफ ने दृश्यता सीमा में युद्ध और समन्वित बहु-विमान अभियानों सहित उन्नत उड़ान अभियानों में भाग लिया। आयोजन में विशिष्ट अतिथि दिवस पर, जेएएसडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ- जनरल ताकेहिरो मोरिता और वायु सेना प्रमुख एपी सिंह- जोधपुर वायुसेना स्टेशन पहुंचे और स्वदेशी तेजस युद्धक विमान उड़ाया।

संयुक्त वायु रक्षा अभ्यास में भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल के कर्मियों के बीच जमीनी स्तर की कई बातचीत हुई, जिनमें विषय विशेषज्ञों के एक-दूसरे के यहां जाने, परिचालन चर्चाएं, अभियान योजना सम्मेलन, इंजीनियरिंग बातचीत, विमान और उपकरण रखरखाव अभ्यास तथा एयरोस्पेस सुरक्षा की संक्षिप्त जानकारी देना शामिल रही। दोनों पक्षों ने इनमें विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इससे सहभागी टुकडियों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से अवगत होने और एक-दूसरे की विशिष्ट क्षमताओं से सीखने का अवसर मिला।

वीर गार्जियन 26 अभ्यास दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच अटूट मैत्री और पेशेवर निकटता का प्रमाण है। यह वायु रक्षा अभ्यास, भारत और जापान के बीच रक्षा साझेदारी और रणनीतिक संबंधों को निरंतर प्रगाढ़ बनाता है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *