insamachar

आज की ताजा खबर

चुनाव भारत

पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी

पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं।

पश्चिम बंगाल में कल 16 जिलों की 152 सीटों पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस चरण में एक हजार चार सौ अठहत्तर उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग ने स्‍वतंत्र, निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। मतदान 44,376 बूथों पर होगा जिनमें तीन हजार सहायक बूथ शामिल हैं। महिलाओं द्वारा 5444 बूथ संचालित किए जाएंगे। मॉडल बूथों की संख्‍या 207 हैं। वहीं, बालुरघाट और आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में दो दिव्यांगजन–संचालित बूथ हैं। पहले चरण के चुनाव में 167 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी बूथों पर शत–प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए आयोग ने त्वरित प्रतिक्रिया दल, हवाई दस्ते, सीसीटीवी कैमरे सहित विभिन्‍न सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

उधर, तमिलनाडु में भी कल राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। राज्य में 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार से अधिक मतदाता हैं।

तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा है कि राज्‍य में कल होने वाले चुनाव की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अर्चना पटनायक ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने सुचारू मतदान के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं।

सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आकर अपना वोट डालें। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि सभी मतदाताओं के लिए यह एक अच्छा अनुभव हो। मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, साफ-सफाई, छाया। दिव्यांग वोटर्स के लिए शमायना की सुविधा है। बुज़ुर्ग लोगों के लिए बेंच। ऐसी सभी सुविधाएं मौजूद हैं।

अर्चना पटनायक ने कहा कि लगभग एक हजार 262 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुल 543 करोड़ रुपये की वास्तविक जब्ती हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि जिन मामलों में जब्ती हुई है, उन सभी में एफआईआर दर्ज की गई है और उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *