भारत

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की प्रगति की कहानी मजबूत, लचीली और भरोसेमंद बनी हुई है: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की विकास गाथा मजबूत, लचीली और भरोसेमंद बनी हुई है और उसने दुनिया द्वारा उस पर जताए गए विश्वास को लगातार कायम रखा है। भारत ऋण पूंजी बाजार शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के आर्थिक प्रदर्शन, निरंतर जारी सुधारों, विस्तारित व्यापारिक अवसरों तथा देश की विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में ऋण बाजारों की बढ़ती भूमिका का उल्लेख किया।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है और विश्वास व्यक्त किया कि दूसरी तिमाही में भी देश अपनी विकास गति बनाए रखेगा। सकल स्थिर पूंजी निर्माण में लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि चालू वर्ष के पहले सात महीनों में भारत का निर्यात 570 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भारत एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह लक्ष्य इस वर्ष मई में निर्धारित किए जाने के समय अत्यंत महत्वाकांक्षी और लगभग अकल्पनीय प्रतीत होता था। लगभग 19 प्रतिशत की ऋण वृद्धि विशेषकर ऋण बाजारों के लिए भी एक सकारात्मक संकेतक है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने दो जारी युद्धों, तेल की कीमतों में आए झटके, शुल्क से जुड़ी अनिश्चितताओं, वैश्विक व्यापारिक अवसरों में उतार-चढ़ाव, समुद्री मार्गों में व्यवधान तथा हवाई यात्रा को प्रभावित करने वाले छिटपुट हमलों जैसी चुनौतियों के बीच अपनी मजबूती साबित की है। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत की विकास गाथा पर दुनिया का विश्वास लगातार कायम रहा है और देश ने इस विश्वास को पूरा करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि भारत ने सुधारों की प्रक्रिया जारी रखी है, नई नीतियां लागू की हैं, कारोबार सुगमता में सुधार किया है तथा व्यवसायों और विभिन्न हितधारकों के साथ जुड़ने के लिए अपनी नीतियों को खुला और अनुकूल बनाए रखा है। सरकार अगले 20 से 25 वर्षों को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। विकसित भारत 2047 का दृष्टिकोण देश की विकास व्यवस्था में मजबूती से समाहित है और भारत को 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को बेहतर जीवन स्तर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं और अधिक अवसरों तक पहुंच प्राप्त हो।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप देने और वस्तु एवं सेवा कर व्यवस्था में सुधार करने की प्रक्रिया लगातार जारी रखे हुए है। इन सुधारों का उद्देश्य जीएसटी प्रणाली को सरल बनाना और कर दरों में कमी लाकर उपभोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि जीएसटी संग्रह में लगातार वृद्धि हो रही है और अक्टूबर महीने में अब तक का सर्वाधिक जीएसटी संग्रह दर्ज किया गया। अक्टूबर में निर्यात ने भी रिकॉर्ड प्रदर्शन किया और एक ही महीने में 90 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते अभी लागू होने बाकी हैं। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर इस वर्ष के अंत तक हस्ताक्षर होने और अगले वर्ष मार्च या अप्रैल तक इसके लागू होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी अंतिम चरण के करीब है तथा इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और रूपरेखा अब आकार लेने लगी है।

ऋण पूंजी बाजार के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को एक साझा मंच पर लाने के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिखर सम्मेलन की थीम ‘कैटेलिस्ट्स, एपेक्स एंड क्रेडिट’ भारत की विकास गाथा के लिए समसामयिक और अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बॉन्ड और ऋण बाजार विश्वास के महत्व को दर्शाते हैं, क्योंकि ये उधारकर्ताओं की विश्वसनीयता और भरोसे पर आधारित होते हैं।

पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया भर के देशों के साथ भारत की भरोसेमंद साझेदारी तरजीही व्यापार समझौतों, द्विपक्षीय समझौतों और मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से देश के जुड़ाव का प्रमुख आधार है। भारत की विकास गाथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण, चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था से 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में उपलब्ध अवसरों तथा वैश्विक साझेदारों के साथ भारत द्वारा स्थापित विश्वसनीय साझेदारियों पर आधारित है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अब आगामी दो से तीन दशकों के लिए दुनिया के पसंदीदा साझेदार, आकर्षक निवेश गंतव्य और भरोसेमंद सहयोगी के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने देश की बढ़ती विनिर्माण एवं निर्यात क्षमताओं, मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ बढ़ते एकीकरण और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अगले 30 वर्षों में भारत में जितनी नई इमारतों का निर्माण होने की उम्मीद है, उनकी संख्या देश में इस समय मौजूद सभी आवासीय और वाणिज्यिक इमारतों की कुल संख्या से भी अधिक होगी। यह देश में बुनियादी ढांचे के विकास के व्यापक पैमाने और विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों को दर्शाता है।

पीयूष गोयल ने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों का किसी भी अर्थव्यवस्था पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है, लेकिन भारत की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं पर इसके प्रभाव का आकलन देश के बदलते आर्थिक बुनियादी आधारों के संदर्भ में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले की तुलना में आज भारत के पास विदेशी मुद्रा भंडार काफी अधिक है। इसके साथ ही देश में प्रेषण और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रवाह भी काफी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि भारत 700 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निर्यात कर रहा है और इस वर्ष देश का कुल निर्यात एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। भारत चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की जीडीपी के साथ दुनिया की पांच या छह सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। क्रय शक्ति समता के आधार पर भारत की जीडीपी लगभग 18 से 19 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। यह वस्तुओं और सेवाओं को बड़े पैमाने पर आत्मसात करने तथा प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उत्पादन करने की देश की क्षमता को दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की वर्तमान आर्थिक स्थिति और व्यापक आर्थिक आधार को देखते हुए तेल की कीमतों में कुछ डॉलर का उतार-चढ़ाव देश के दीर्घकालिक भविष्य को निर्धारित नहीं कर सकता। उन्होंने उल्लेख किया कि भारत का राष्ट्रीय ऋण स्तर दुनिया के सबसे कम ऋण स्तर वाले देशों में शामिल है और इसके कुल ऋण में बाहरी ऋण का हिस्सा भी काफी कम है। ये सभी कारक भारत की विकास गाथा की स्थिरता और दीर्घकालिक टिकाऊपन को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान भी दुनिया के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करने में कभी चूक नहीं की और आज तक किसी भी वैश्विक दायित्व के भुगतान में चूक नहीं की है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत में ब्याज दरें मध्यम स्तर पर बनी हुई हैं। उन्होंने देश की आर्थिक संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव के दौर में घरेलू संस्थागत निवेशकों और खुदरा निवेशकों ने भारतीय बाजारों को मजबूती प्रदान की है। यहां तक कि जब विदेशी निवेशक बाजार से अपनी पूंजी निकाल रहे थे, तब भी घरेलू निवेशकों ने बाजार को सहारा दिया। उन्होंने कहा कि भारत की विकास गाथा सुरक्षित, मजबूत, लचीली और भरोसेमंद बनी हुई है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का आर्थिक परिवर्तन किसी संयोग या भाग्य का परिणाम नहीं, बल्कि पिछले 12 वर्षों में लगातार किए गए सुधारों और विभिन्न क्षेत्रों में शुरू की गई परिवर्तनकारी पहलों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने पर केंद्रित है जिसमें भोजन, कपड़ा, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, अच्छी सड़कें, गुणवत्तापूर्ण बिजली और डिजिटल संपर्क सुविधा शामिल हैं।

पीयूष गोयल प्रत्येक गांव के हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जैसे-जैसे लोगों की आय बढ़ेगी और वे नव-मध्यम वर्ग, मध्यम वर्ग तथा उच्च मध्यम वर्ग में शामिल होंगे, वैसे-वैसे देश में बाजार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

पीयूष गोयल ने कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास, बढ़ता उपभोग और आर्थिक विकास तथा मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से नए बाजारों तक पहुंच भारत के विनिर्माताओं, कृषि निर्यातकों, समुद्री खाद्य उत्पादों के निर्यातकों और सेवा प्रदाताओं के लिए नए अवसरों का सृजन करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत निरंतर सुधारों, सतत प्रयासों और जनजीवन को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता के साथ अपनी विकास यात्रा जारी रखेगा।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत के निर्यात को अगले स्तर तक ले जाने और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि ‘मेक इन इंडिया’ पहल को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण आधार के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने भारत में मूल्य संवर्धन और उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभाओं का एक बड़ा समूह तैयार करने पर जोर दिया, ताकि देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में अग्रणी भूमिका निभा सके।

उन्होंने कहा कि भारत एक वैश्विक साझेदार है और मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से विभिन्न देशों के बाजारों तक तरजीही पहुंच का लगातार विस्तार कर रहा है। वर्ष 2014 तक भारत के मुक्त व्यापार समझौतों में ऐसे देश शामिल थे, जिनकी संयुक्त जीडीपी लगभग 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर थी, जबकि उस समय वैश्विक जीडीपी लगभग 115 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर थी। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार से पांच वर्षों में 38 विकसित देशों को अपने दायरे में शामिल करने वाले नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है, जिनकी संयुक्त जीडीपी 60 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। पहले से मौजूद समझौतों को मिलाकर अब भारत को वैश्विक जीडीपी के 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर वाली अर्थव्यवस्थाओं के बाजारों तक तरजीही पहुंच प्राप्त है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत वर्तमान में आठ से नौ अतिरिक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है। इन समझौतों से बाजार तक लगभग 15 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त पहुंच मिलने की उम्मीद है। इससे भारत की कुल तरजीही बाजार पहुंच बढ़कर वैश्विक जीडीपी के 115 से 120 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर में से लगभग 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि दुनिया का लगभग हर देश भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करना चाहता है। यह एक भरोसेमंद वैश्विक साझेदार के रूप में भारत की बढ़ती स्थिति और भारतीय व्यवसायों के लिए उपलब्ध अवसरों को दर्शाता है।

शिखर सम्मेलन की थीम का उल्लेख करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर विकास के नए अवसरों को गति प्रदान कर रहे हैं तथा दोनों क्षेत्रों में पूंजीगत व्यय को बढ़ावा देने के लिए नए रास्ते खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऋण वृद्धि में लगातार दर्ज की जा रही तेजी भारत की विकास गाथा के प्रति निवेशकों के बढ़ते आकर्षण और निवेश के नए अवसरों का प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन इकाइयों, बिजली ग्रिड, डेटा सेंटर और मुंबई के बाहर वधावन में विकसित किए जा रहे नए बंदरगाह के विस्तार से अर्थव्यवस्था में ऋण की व्यापक आवश्यकता पैदा होगी। मंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा के वित्तपोषण में ऋण बाजारों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने जोर दिया कि देश की वित्तपोषण व्यवस्था अगले दो से तीन दशकों में उभरने वाले अवसरों के व्यापक पैमाने, विविधता और दीर्घकालिक प्रकृति के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने अर्थव्यवस्था की ऋण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तेज और अधिक प्रभावी वित्तपोषण व्यवस्था के साथ-साथ आकर्षक एवं नवोन्मेषी वित्तीय साधन विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में निजी पूंजी वित्तपोषण का एक अधिक महत्वपूर्ण स्रोत बनकर उभरेगी। वैश्विक बॉन्ड सूचकांकों में भारत का शामिल होना भी देश के ऋण बाजारों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने ऋण पूंजी बाजार के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए पांच प्रमुख प्राथमिकताएं निर्धारित कीं हैं।

पहली प्राथमिकता: उन्होंने बड़े कॉरपोरेट समूहों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और बुनियादी ढांचा विकासकर्ताओं सहित बॉन्ड जारी करने वाली संस्थाओं से पूंजीगत व्यय के लिए, विशेषकर लंबी अवधि में पूरे होने वाली परियोजनाओं के वित्तपोषण हेतु, बॉन्ड बाजार को अपनी पहली पसंद बनाने का आह्वान किया। उन्होंने उनकी वित्तपोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नवोन्मेषी समाधान विकसित करने पर जोर दिया।

दूसरी प्राथमिकता: उन्होंने निवेशकों से दीर्घकालिक ऋण और व्यापक ऋण पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियां, पेंशन कंपनियां, पेंशन फंड, भविष्य निधि और म्यूचुअल फंड तेजी से दीर्घकालिक निवेश क्षमता वाली संस्थाओं के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने इन संस्थाओं को केवल एएए रेटिंग वाले वित्तीय साधनों तक सीमित न रहकर अन्य निवेश विकल्पों पर भी विचार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

तीसरी प्राथमिकता: उन्होंने बाजार से बॉन्ड के कारोबार को अधिक सरल और सुगम बनाने तथा शेयर बाजार की तर्ज पर बॉन्ड का लेन-देन तत्काल पूरा करने में सक्षम व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया।

चौथी प्राथमिकता: उन्होंने निर्यातकों और उनके वित्तपोषकों से मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से उपलब्ध हुए अवसरों को वास्तविक निवेश निर्णयों में बदलने तथा नए खुले बाजारों की मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन एवं सेवा क्षमता विकसित करने का आग्रह किया।

पांचवीं प्राथमिकता: उन्होंने दोहराया कि सरकार सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने इस क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को आगे के सुधारों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव एवं नए विचार साझा करने का आमंत्रण दिया।

पीयूष गोयल ने भारत की निरंतर आर्थिक वृद्धि और मजबूती पर विश्वास व्यक्त करते हुए अपने संबोधन का समापन किया। उन्होंने देश की आर्थिक महत्वाकांक्षाओं को साकार करने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग एवं समन्वय के महत्व पर विशेष जोर दिया।

Editor

Recent Posts

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली के ओखला स्थित होली फैमिली अस्पताल के नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का उद्घाटन किया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली के ओखला स्थित होली फैमिली अस्पताल के…

14 मिनट ago

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज केरलम के त्रिशूर में वैद्यरत्नम् आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोहों के समापन समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज केरलम के त्रिशूर में वैद्यरत्नम् आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोहों…

16 मिनट ago

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा – हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के लिए अत्‍यंत महत्वपूर्ण है

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज कहा है कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा…

20 मिनट ago

क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 246 रन बनाए

क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने…

24 मिनट ago

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, भारत-EU FTA अगले वर्ष से होगा लागू: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच…

4 घंटे ago