अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार इस संकट में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर जिले समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही वे सड़क मार्ग से भी गांवों में पहुंचे और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पीड़ितों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा कि दुःख बांटने से ही कम होता है और संकट की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही जीवन की सार्थकता है। उन्होंने विशेष रूप से बहनों से बात करते हुए भरोसा दिलाया कि वे अकेली नहीं हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा और जिनके घर बह गए हैं, उनके लिए नए मकान बनवाए जाएंगे। खेतों में हुए नुकसान, फसलों की बर्बादी, पशुधन हानि; सभी का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाएगा। तत्काल राहत के रूप में राशन और आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं स्थिति को लेकर चिंतित हैं और प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत केंद्र सरकार की टीम राज्य के साथ मिलकर लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटी है।
दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे सामुदायिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) बनाने के काम में खुद भी हाथ बंटाया और कहा कि समाज की यह भागीदारी प्रेरणादायक है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से भारी तबाही हुई है और नुकसान का लगातार आकलन किया जा रहा है, लेकिन इसके बीच सबसे सराहनीय बात यह है कि स्थानीय समुदाय ने सरकार का इंतजार किए बिना खुद आगे बढ़कर समाधान की पहल की है।
उन्होंने कहा कि गांव के भाई-बहनों ने बिना किसी औपचारिक स्वीकृति या अनुमान के नदी के पानी को दोबारा गांव में घुसने से रोकने के लिए प्रोटेक्शन वॉल बनाने का कार्य अपने हाथों में लिया है जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने इस सामुदायिक भावना को प्रणाम करते हुए कहा कि यदि समाज इस तरह जागरूक और सक्रिय हो तो कई बड़े काम स्वतः संभव हो जाते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएगी और राहत व पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार भी हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
इससे पहले ईटानगर स्थित लोकभवन में उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से शिष्टाचार भेंट की और इस दौरान राहत कार्यों के बारे में भी चर्चा की। शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा जताया कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से इस संकट से जल्द ही उबर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस कठिन समय को पार करेंगे, अरुणाचल फिर मुस्कुराएगा।
अफ़गानिस्तान की सेना ने पाकिस्तान में आई.एस.आई.एस. से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं।…
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली, हरियाणा,…
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुईं। अपनी इस…
जनसांख्यिकीय बदलावों पर High Level Committee on Demographic Changes ने नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह…
इस्पात मंत्रालय ने अनुसूची 'ए' के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (सीपीएसई)…
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग…