प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमण्डल ने 16वें वित्त आयोग चक्र के दौरान वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक केंद्रीय क्षेत्र की योजना “डाक परिचालन” को 1,141 करोड़ रुपये के प्रस्तावित परिव्यय के साथ जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य डाक अवसंरचना को मजबूत करना, परिचालन दक्षता में सुधार करना और देशभर में रसद, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेवा प्रदायगी की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता करना है।
दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्क में से एक, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के 1,49,655 डाकघरों सहित कुल 1.65 लाख डाकघर शामिल हैं, के साथ इंडिया पोस्ट डाक, पार्सल, बैंकिंग, बीमा और अन्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं की प्रदायगी के लिए एक महत्त्वपूर्ण माध्यम के रूप में निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहा है, विशेष रूप से दूरदराज़ के और वंचित क्षेत्रों में।
अपने मुख्य डाक परिचालन के अतिरिक्त, इंडिया पोस्ट डाकघर बचत बैंक (पीओएसबी), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), डाक जीवन बीमा (पीएलआई), आधार नामांकन और अद्यतन, डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं, केवाईसी सत्यापन सेवाएं और डाकघर निर्यात केंद्रों (डीएनके) के माध्यम से ग्रामीण कारीगरों को सहायता जैसी पहलों के जरिए व्यापक सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करता है।
यह योजना डाक अवसंरचना के आधुनिकीकरण, अंतिम छोर तक डिलीवरी को मजबूत करने, रसद दक्षता में सुधार करने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और देशभर में ग्राहक-केंद्रित सेवा प्रदायगी को बेहतर बनाने में सहायता करेगी। यह प्रस्ताव डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप भी है।
इस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक पांच वर्षों की अवधि के दौरान कार्यान्वित किया जाना प्रस्तावित है।
डाक परिचालन योजना में निम्नलिखित छह उप-योजनाएं शामिल हैं:
- ग्रामीण व्यवसाय और डाक नेटवर्क तक पहुंच – 120 करोड़ रुपये – यह अवसंरचना के उन्नयन, मानकीकृत ब्रांडिंग और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर केंद्रित है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के डाकघरों को दक्ष और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों के रूप में परिवर्तित किया जा सके। इस घटक का उद्देश्य वित्तीय समावेशन, डिजिटल कनेक्टिविटी और स्थानीय आर्थिक विकास को मजबूत करने के साथ-साथ अंतिम छोर तक डाक वितरण में सुधार करना तथा वंचित क्षेत्रों में डाक सेवाओं और नागरिक-केंद्रित सेवाओं तक पहुंच बढ़ाना है।
- डाक नेटवर्क का अनुकूलन – 575 करोड़ रुपये – इसमें केंद्रीकृत वितरण प्रणालियों, मशीनीकरण, उन्नत डाक प्रौद्योगिकी (एपीटी 0) के तहत उन्नत आईटी समाधानों, जीआईएस-आधारित सेवाओं और उन्नत अवसंरचना के माध्यम से डाक परिचालन के आधुनिकीकरण की परिकल्पना की गई है। इस पहल में वितरण डाकघरों, डाक प्रबंधन प्रणालियों, मेल मोटर सेवा (एमएमएस) कार्यशालाओं, सड़क परिवहन नेटवर्क और आधुनिक स्मार्ट 24×7 लेटर बॉक्स को मजबूत करना भी शामिल है, जिससे पूरे नेटवर्क में परिचालन दक्षता, पारदर्शिता, सेवा की गुणवत्ता और रसद संबंधी विश्वसनीयता में सुधार किया जा सके।
- पार्सल नेटवर्क का अनुकूलन – 278 करोड़ रुपये – इसमें पार्सल की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने, हैंडलिंग के बिंदुओं को कम करने, क्षमता संबंधी बाधाओं को दूर करने और पारगमन समय में सुधार करने के लिए पुनः डिजाइन की गई छंटाई व्यवस्था के अनुरूप पार्सल हब का निर्माण और पार्सल पैकेजिंग इकाइयों (पीपीयू) का विस्तार शामिल है। इस घटक का उद्देश्य विशेष रूप से निर्मित सुविधाओं, मानकीकृत सुरक्षित पैकेजिंग और बेहतर परिचालन लचीलेपन के माध्यम से ई-कॉमर्स और ग्रामीण बाजारों से आने वाली पार्सल की बढ़ती मात्रा को संभालने में सहायता करना भी है। इसके साथ ही, ग्राहकों का विश्वास बढ़ाने और रसद क्षेत्र में इंडिया पोस्ट की प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय डाक के लिए अवसंरचना का उन्नयन और संवर्धन – 8 करोड़ रुपये – इसका उद्देश्य विदेशी डाकघरों (एफपीओ) और उप विदेशी डाकघरों (एसएफपीओ) का उन्नयन करके अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं को मजबूत करना है, जिससे अवसंरचना में सुधार हो और अंतरराष्ट्रीय डाक खेपों के प्रसंस्करण में तेजी लाई जा सके। इस पहल में डाक/आरएमएस मंडलों के माध्यम से विपणन और विज्ञापन करना तथा इंडिया पोस्ट को एक विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय रसद सेवा प्रदाता के रूप में स्थापित करना भी शामिल है। साथ ही, इसका उद्देश्य अनुपालन, प्रौद्योगिकी एकीकरण और निर्यात रसद सहायता में सुधार करना भी है।
- विपणन संबंधी कार्यकलाप, जिसमें सेवा की गुणवत्ता भी शामिल है – 100 करोड़ रुपये – टेलीविजन, डिजिटल, रेडियो, प्रिंट और आउटडोर माध्यमों पर बहु-माध्यम अभियानों के जरिए प्रचार, ब्रांडिंग, जनसंपर्क और ग्राहकों के साथ जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस घटक में कार्यक्रमों और प्रदर्शनियों में भागीदारी, सोशल मीडिया अभियान, प्रत्यक्ष विपणन तथा जमीनी स्तर पर, विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में, लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए डाक चौपाल गतिविधियों का विस्तार भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, सेवा की गुणवत्ता में सुधार लाने और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को मजबूत करने के लिए अवसंरचना का उन्नयन, स्टूडियो सुविधाएं, आईसीटी संवर्धन, बाजार अनुसंधान, प्रभावशाली व्यक्तियों की सहभागिता और तृतीय-पक्ष मूल्यांकन की व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।
- डाक टिकट संग्रह संबंधी गतिविधियां – 60 करोड़ रुपये – प्रदर्शनियों, संगोष्ठियों, प्रश्नोत्तरी, विद्यालयों में डाक टिकट संग्रह क्लबों और सुगंधित, होलोग्राफिक तथा 3डी डाक टिकटों सहित नवोन्मेषी डाक टिकट डिजाइनों के माध्यम से डाक टिकट संग्रह को बढ़ावा देने के लिए पहल प्रस्तावित हैं। इस घटक में डिजिटल पहुंच गतिविधियां, ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और ‘स्पर्श’ छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं, उत्पादन एवं पूर्ति केंद्रों का आधुनिकीकरण, बाजार अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य डाक टिकट संग्रह को एक रोचक शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि के रूप में पुनर्जीवित करने के साथ-साथ परिचालन दक्षता और राजस्व की संभावनाओं में सुधार करना है।