insamachar

आज की ताजा खबर

BJP leader Samrat Chaudhary will take oath as the new Chief Minister of Bihar tomorrow.
भारत

बीजेपी नेता सम्राट चौधरी कल बिहार के नए मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे

बिहार के उपमुख्‍यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी कल राज्‍य के नए मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह ग्‍यारह बजे पटना के लोकभवन में आयोजित किया जाएगा। वे राज्‍य में शीर्ष पद ग्रहण करने वाले भाजपा के पहले नेता होंगे।

इससे पहले दिन में सम्राट चौधरी ने लोकभवन में राज्‍यपाल सेवा निवृत्त जनरल सैय्यद अता हसनैन से मुलाकात की और सरकार गठन करने की अपनी दावेदारी पेश की। सम्राट चौधरी राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायक दल की बैठक के दौरान सर्वसम्‍मति से गठबंधन के नेता चुने गए हैं। जनता दल यूनाइटेड के अध्‍यक्ष नीतीश कुमार का मुख्‍यमंत्री पद से इस्‍तीफा देने के बाद इसकी घोषणा हुई है। उन्‍हें हाल ही में राज्‍यसभा का सदस्‍य बनाया गया है।

इस परिवर्तन को लेकर निवर्तमान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नए प्रशासन को उनका मार्गदर्शन और समर्थन जारी रहेगा।इससे पहले भाजपा विधायक दल की एक बैठक पटना स्थित राज्‍य पार्टी मुख्‍यालय में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान वरिष्‍ठ नेता विजय कुमार सिन्‍हा ने विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्‍ताव दिया। बाद में, केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक और केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की।

तारापुर के विधायक भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने नई जिम्‍मेदारी को निष्‍ठापूर्वक निभाने की अपनी वचनबद्धता जताई। संवाददाताओं से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लोगों की सेवा करने और उनके विश्‍वास तथा सपनों को साकार करने का यह एक अवसर है। 243 सदस्‍यीय बिहार विधानसभा में भाजपा के सर्वाधिक 89 विधायक हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *