insamachar

आज की ताजा खबर

BJP MLA Mohan Charan Majhi will be the new Chief Minister of Odisha, Kanak Vardhan Singh Deo and Pravati Parida will be the Deputy Chief Ministers
भारत

भाजपा विधायक मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री, कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा उपमुख्यमंत्री होंगे

भुवनेश्वर: भाजपा विधायक मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा उपमुख्यमंत्री होंगे। नये मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद कल शाम को भुवनेश्वर के जनता मैदान में शपथ लेंगे।

राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल ने आज सर्वसम्‍मति से मोहन चरण माझी को अपना नेता चुना। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे।

52 वर्षीय मोहन चरण माझी क्योंझर विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह 2000, 2004, 2019 और 2024 में इस क्षेत्र से चुने गए। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मोहन चरण माझी ने कहा कि उनकी सरकार राज्‍य की जनआकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेगी।

भाजपा ने राज्‍य में कनक वर्धन सिंह देव और प्रावती परिदा को उप मुख्यमंत्री बनाने का भी फैसला किया है। कनक सिंह देव पूर्व मंत्री हैं और पटनागढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि प्रावती परिदा पहली बार विधायक बनी हैं और निमापारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं।

मोहन चरण माझी सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए आज शाम राज्यपाल रघुबर दास से मिलेंगे। भाजपा ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में नवीन पटनायक के नेतृत्‍व वाले बीजू जनता दल को हराकर 147 सीटों वाली विधानसभा में 78 सीटें हासिल की हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *