insamachar

आज की ताजा खबर

भारत मुख्य समाचार

कैबिनेट ने तेलंगाना में NH-63 के आर्मूर-जगतियाल-मंचरियाल खंड को हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएम) के तहत और NH-563 के जगतियाल-करीमनगर खंड को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (टोल) [बीओटी (टोल)] के तहत 4-लेन मानक तक चौड़ा करने की मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों पर केन्‍द्रीय मंत्रिमंडलीय समिति ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-63 के मौजूदा आर्मूर-जगतियाल-मंचरियाल खंड को हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएम) के तहत और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-563 के जगतियाल-करीमनगर खंड को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (टोल) [बीओटी (टोल)] के तहत तीन वर्क पैकेजों के अंतर्गत चार लेन मानक तक चौड़ा करने की मंजूरी दी है। इन खंडों की कुल लंबाई 190.76 किलोमीटर और कुल पूंजीगत लागत 7597.16 करोड़ रुपये है।

आर्मूर-जगतियाल-मंचरियाल परियोजना का खंड तेलंगाना के निज़ामाबाद, जगतियाल और मंचरियाल जिलों से होकर गुजरता है, जहां राजमार्ग के किनारे स्थित अंकसापूर, कोरुटला, जगतियाल, धर्मपुरी, लक्षेट्टीपेट और मंचरियाल वर्तमान में यातायात की समस्या का सामना कर रहे हैं। इसी प्रकार, जगतियाल-करीमनगर खंड भी इस मार्ग पर स्थित जगतियाल, पोथाराम, गंगाधरा और करीमनगर जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है।

प्रस्तावित परियोजनाओं में तेलंगाना राज्य के निज़ामाबाद, जगतियाल, मंचरियाल और करीमनगर जिलों में चार लेन वाली सड़कों के निर्माण और शहरी क्षेत्रों के लिए बाईपास तथा टोल प्रणाली से 100 किमी/घंटे की निर्धारित गति सुनिश्चित होगी और यात्रा सुविधाजनक होगी। यह परियोजना क्षेत्रीय आवागमन को बढ़ावा देने के साथ ही सामाजिक-आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेगी।

प्रधानमंत्री गतिशक्ति सिद्धांतों के अनुरूप ये परियोजनाएं पांच आर्थिक, सात सामाजिक केंद्रों और दस लॉजिस्टिक नोड्स को आपस में जोड़ेंगी। इससे देश के लॉजिस्टिक प्रदर्शन सूचकांक (एलपीआई) पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

परियोजना पूरी होने पर, आर्मूर और मंचरियाल के बीच यात्रा का समय लगभग 1 घंटा 30 मिनट और जगतियाल तथा करीमनगर के बीच लगभग 45 मिनट कम होने की उम्मीद है, साथ ही यात्री और माल ढुलाई दोनों के लिए सुरक्षित, तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त, इस परियोजना से ईंधन की खपत, कार्बन उत्सर्जन और वाहन परिचालन लागत में भी काफी कमी आएगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *