CBSE ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मुल्यांकन की सुविधा शुरू करने की घोषणा की
सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध सुविधाओं के बारे में एक नोटिस जारी किया है। इसमें निष्पक्ष, पारदर्शी और समान मूल्यांकन प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। नोटिस में, सीबीएसई ने कहा है कि जो छात्र अपने परिणामों से संतुष्ट नहीं हैं, वे दो चरणों वाली समीक्षा प्रणाली का लाभ उठा सकते हैं।
इसके पहले चरण में, छात्र अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां मांग सकते हैं। ये ऑनलाइन लॉगिन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी और समीक्षा के लिए डाउनलोड की जा सकती हैं। जबकि दूसरे चरण में, छात्र विसंगतियों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं या अंकन योजना के आधार पर विशिष्ट उत्तरों के पुन:मूल्यांकन का अनुरोध कर सकते हैं।
बोर्ड ने कहा कि सभी आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा किए जाने चाहिए, और प्रत्येक चरण के लिए केवल एक आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
छात्र 19 से 22 मई के बीच मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रति प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसका शुल्क प्रति विषय सात सौ रुपये है।
पाई गई समस्याओं के सत्यापन और पुन:मूल्यांकन के लिए आवेदन 26 से 29 मई के बीच जमा किए जा सकते हैं।





