भारत

CCRAS-CARI और दिल्ली विश्वविद्यालय ने डीयू के नॉर्थ कैंपस में औषधीय पौधों की विविधता का दस्तावेजीकरण करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) – केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई), नई दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय ने 10 नवंबर, 2026 को एक सहयोगात्मक परियोजना शुरू करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस परियोजना का शीर्षक “दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में आयुर्वेद में वर्णित औषधीय महत्व की वनस्पति विविधता का सूचीकरण” है।

इस समझौता ज्ञापन पर दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस, नई दिल्ली स्थित कुलपति कार्यालय में सीसीआरएएस के महानिदेशक प्रो. (वैद्य) रबिनारायण आचार्य और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।

इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के 250-300 एकड़ क्षेत्र में उपलब्ध औषधीय पौधों की विविधता का व्यवस्थित रूप से दस्तावेजीकरण, पहचान और संरक्षण करना है। इस पहल के माध्यम से परिसर की समृद्ध वनस्पति विरासत का अध्ययन करने और आयुर्वेद में वर्णित औषधीय महत्व वाली पादप प्रजातियों का दस्तावेजीकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

इस परियोजना के अंतर्गत की जाने वाली प्रमुख गतिविधियों में व्यापक क्षेत्रीय सर्वेक्षण, औषधीय पादप प्रजातियों की पहचान और उनका दस्तावेजीकरण, हर्बेरियम नमूनों (पादप संग्रह नमूनों) की तैयारी तथा परिसर में क्यूआर कोड युक्त नाम-पट्टिकाएं लगाना शामिल है। इससे औषधीय पौधों की आसानी से पहचान करने और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।

इस परियोजना के अंतर्गत नॉर्थ कैंपस की औषधीय वनस्पतियों का दस्तावेजीकरण करने वाली चित्रों से युक्त एक सचित्र पुस्तक भी तैयार की जाएगी। इसके साथ ही वैज्ञानिक निष्कर्षों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के लिए संयुक्त अनुसंधान प्रकाशन भी किए जाएंगे।

इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की शैक्षणिक मामलों की डीन प्रो. के. रत्नाबली; दिल्ली के क्लस्टर इनोवेशन सेंटर (सीआईसी) की निदेशक प्रो. (डॉ.) शोभा बागई; सीएआरआई, नई दिल्ली के प्रभारी निदेशक डॉ. हेमंत पाणिग्रही; सीएआरआई, नई दिल्ली की अनुसंधान अधिकारी एवं परियोजना की प्रधान अन्वेषक (पीआई) डॉ. साक्षी शर्मा; दिल्ली विश्वविद्यालय के क्लस्टर इनोवेशन सेंटर (सीआईसी) में परियोजना के प्रधान अन्वेषक (पीआई) प्रो. (डॉ.) सुरेश कुमार तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग की प्रो. (डॉ.) वंदना भी उपस्थित थीं।

यह सहयोगात्मक पहल आयुर्वेद, जैव विविधता संरक्षण, औषधीय पादप अनुसंधान और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध औषधीय वनस्पति संपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा औषधीय पादप संसाधनों के संरक्षण और उनके सतत उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

Editor

Recent Posts

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संशोधित गैलेंट्री अवार्ड (वीरता पुरस्कार) पोर्टल का शुभारंभ किया

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में संशोधित गैलेंट्री अवार्ड (वीरता पुरस्कार)…

17 मिनट ago

प्रधानमंत्री मोदी इस महीने की 16 से 18 तारीख तक फिलीपींस की राजधानी मनीला का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस महीने की 16 से 18 तारीख तक फिलीपींस की राजधानी मनीला…

31 मिनट ago

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की तीन महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की…

1 घंटा ago

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों के एक समूह के साथ संवाद किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों…

2 घंटे ago

TDB-DST ने सॉवरेन स्पेस-आधारित AI-ALINT तारामंडल विकसित करने के लिए 64.05 करोड़ रुपये की आरडीआई सहायता के लिए एस्ट्रोम के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

भारत की स्वदेशी अंतरिक्ष-आधारित खुफिया और उन्नत उपग्रह प्रौद्योगिकी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा…

2 घंटे ago

रक्षा मंत्री ने उड़ान द्वारा परिचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा के लिए विकसित आंतरिक एआई अनुप्रयोगों का शुभारंभ किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा बलों से पारंपरिक और उभरते खतरों के मद्देनजर परिचालन…

2 घंटे ago