फ्लाईदुबई हाईजैक मामले में सह-पायलट गिरफ्तार, भारतीय कैप्टन ने घायल होने के बावजूद 174 यात्रियों की जान बचाई
दुबई से इस्राएल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के कप्तान पर चाकू से हमला करने की कोशिश के आरोप में विमान के सह-पायलट को गिरफ्तार कर लिया है। हमले के कारण दो मिनट से भी कम समय में विमान लगभग 17 हजार 400 फीट नीचे गिर गया। हालांकि, कर्मचारियों सहित यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में प्रवेश किया, हमलावर को काबू में किया और विमान को स्थिर करने में मदद की।
इसके बाद फ्लाइट को डायवर्ट किया गया और उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतारा गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि इतने बड़े खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन स्मित मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए अटूट साहस दिखाया। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छर एक नायक हैं और भारत को उन पर गर्व है। प्रधानमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू और अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भी कैप्टन मच्छार को सच्चा नायक बताया है।
इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज़ ने इस घटना को एक गंभीर घटना और संदिग्ध आतंकवादी हमला बताया। इस्राएल के प्रधानमंत्री ने भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छार को इस्राएल जाने वाली फ्लाइट में सवार 174 लोगों की जान बचाने वाला सच्चा नायक बताया। श्री नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने पलटवार करते हुए और हवा में होने वाली भीषण दुर्घटना को टालते हुए असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भी कैप्टन स्मित मच्छार को नायक बताया, जिन्होंने ओमान के सह-पायलट के चाकू हमले का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने के प्रयास को विफल करने के लिए मदद मांगी।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि वे कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि कैप्टन मच्छार वर्तमान में तबुक के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। दूतावास ने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि उनकी हालत स्थिर है।
भारतीय दूतावास ने कहा कि वह कैप्टन मच्छार के परिवार के संपर्क में है और सऊदी के अधिकारियों के समन्वय से हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।





