उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उडान सेवा आज से शुरू हो रही हैं। पहली उडान से जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह के साथ बीस महिलाओं सहित एक सौ 72 किसान लखनऊ जा रहे हैं। ये वो किसान हैं जिनकी जमीने हवाई अड्डे के लिए अधिग्रहीत की गई थी। ये सभी किसान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत जेवर में बने इस हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने इसी साल 28 मार्च को किया था। हवाई अड्डे के लिए करीब 1334 हेक्टेयर यानी लगभग 33 सौं एकड़ भूमि का अधिगृहण किया गया है। पहले चरण में एक करोड़ 20 लाख यात्रियों की क्षमता वाला यह एयरपोर्ट भविष्य में 22 करोड़ 50 लाख यात्रियों की क्षमता तक विकसित हो सकता है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश दिल्ली एनसीआर और पड़ोसी राज्यों के लिए एक नई एयर कनेक्टिविटी देगा। एयरलाइन ऑपरेटर इंडिगो 16 से ज्यादा शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करेगी। दूसरी एयरलाइंस की सेवाएं भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।





