भारत और नेपाल ने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान संपर्क, ऊर्जा और विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की घोषणा की
भारत और नेपाल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान संपर्क, ऊर्जा, व्यापार, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की है। इस दौरान 15 हजार करोड़ रुपये के विकास पैकेज, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और 8 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किेए गए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने द्विपक्षीय सहयोग को और गति प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की विश्वसनीय आपूर्ति करता आ रहा है।
भारत कई वर्षों से नेपाल के लिए पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का विश्वसनीय सप्लायर रहा। हमारी नेबर हुड फर्स्ट पॉलिसी की भावना के अनुरूप इस वर्ष ऑयल्स सप्लाई से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद हमने नेपाल को फ्यूल, फर्टिलाइजर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बनाए रखीं।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वसनीय साझेदारी है और यह विश्वास हिमालय जितना ऊंचा है। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत ने सबसे पहले सहायता प्रदान की।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री शाह ने भारत और नेपाल के धारचूला को जोड़ने वाले मोटर योग्य सड़क पुल और मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। नेपाल के बनबासा में एकीकृत चेक पोस्ट, झापा में ग्रीनफील्ड ऑयल स्टोरेज टर्मिनल और नेपाल के कोशो प्रांत में 669 मेगावाट की लोअर अरुण पनबिजली परियोजना की आधारशिला भी रखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में नेपाल की विकास यात्रा के प्रति भारत के अटूट समर्थन को फिर से दोहराया। नेपाल के प्रधानमंत्री की राजकीय यात्रा पर जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत नेपाल में आपदा के बाद पुनर्निर्माण की ओर नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 3500 करोड रुपए की अनुदान सहायता सहित कुल 15000 करोड रुपए की विकास सहायता देगा। दोनों नेताओं ने विकसित भारत और समन्नुत नेपाल के लिए एक संयुक्त दृष्टिकोण अपनाया। यह संयुक्त दृष्टिकोण भारत और नेपाल के बीच एक महत्वाकांक्षी और साझेदारी के लिए एक रोड मैप प्रदान करता है।




