insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने आर्थिक सुरक्षा, उन्नत विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आर्थिक सुरक्षा, उन्नत विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया है। रायसीना टोक्यो 2026 के उद्घाटन अवसर पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य ने विश्वसनीय साझेदारी, आपूर्ति श्रृंखला विविधीकरण और मजबूत राष्ट्रीय क्षमताओं को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान अग्रणी राष्ट्रों के रूप में एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों को अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देते हुए विश्वसनीय सहयोग को और गहरा करना चाहिए।

डॉ० जयशंकर ने कहा कि 2014 के बाद से देश के बुनियादी ढांचे, कारोबारी माहौल और विनिर्माण क्षमता में सुधार हुआ है, जिससे जापानी निवेश और उत्पादन के लिए भारत एक आकर्षक गंतव्य बन गया है। विदेशमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्टार्टअप में भारत की प्रगति के साथ-साथ डिजिटल प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, ड्रोन, स्वास्थ्य सेवा और रक्षा में सहयोग के अवसरों का उल्लेख किया। उन्‍होंने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, फार्मास्यूटिकल्स, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी तथा स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की बात कही।

डॉ० जयशंकर ने दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों का आह्वान करते हुए, उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में आदान-प्रदान बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और जापान क्वाड के सदस्य, संयुक्त राष्ट्र सुधार के लिए जी4 पहल में भागीदार और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में प्रतिभागी हैं। उन्होंने कहा कि भारत-जापान के मजबूत संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा में योगदान देंगे और बहुध्रुवीय विश्व की नींव को मजबूत करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *