विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम. जयशंकर ने नई दिल्ली में श्रीलंका के विदेश मंत्री से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्हें हिंद महासागर रिम एसोसिएशन की बैठक के दौरान आगे की बातचीत से आशा है।
विदेश मंत्री ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-मालदीव संबंधों में हुई प्रगति पर विचार-विमर्श किया।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने नई दिल्ली में सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने हिंद महासागर रिम एसोसिएशन में सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
विदेश मंत्री ने मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल के साथ बैठक की। दोनों मंत्रियों ने भारत-मॉरीशस उन्नत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा भारत के ‘विजन महासागर’ और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं को समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई।





