विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात-यूएई के उपप्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन ज़ायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और क्षेत्रीय कठिनाइयों के बावजूद, इस वर्ष भारत और यूएई की आर्थिक साझेदारी नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते-सीईपीए पर हस्ताक्षर के बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार एक सौ अरब डॉलर से अधिक हो गया है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग अब रणनीतिक स्वरूप ले रहा है।




