भारत और म्यांमार के रक्षा बलों के बीच 5 और 6 नवंबर, 2026 को आयोजित प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ का चेन्नई में सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिवसीय इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों के साथ म्यांमार रक्षा बलों के एक दल ने भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य परिचालनात्मक अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, समन्वय में सुधार करना तथा आपदा प्रतिक्रिया अभियानों में बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना था।
अभ्यास की शुरुआत संयुक्त योजना निर्माण और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं से परिचित कराने पर केंद्रित रही। एक भीषण चक्रवात की स्थिति पर आधारित टेबल-टॉप अभ्यास के माध्यम से समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र और संयुक्त आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल पर चर्चा की गई। भाग लेने वाले दलों ने भारतीय थल सेना द्वारा बाधाओं को हटाने और पुल निर्माण की क्षमताओं का प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने भारतीय नौसेना की पोत आधारित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए आईएनएस सुकन्या का दौरा किया।
भाग लेने वाले दलों ने दूसरे दिन भारतीय रक्षा बलों की बहु-क्षेत्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं का प्रदर्शन देखा। इसमें समुद्री, थल और वायु क्षेत्रों में समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र को प्रदर्शित किया गया। आईएनएस अड्यार और चेन्नई स्थित संचार नेटवर्क केंद्र ने आपातकालीन परिस्थितियों में कमान एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए तटीय आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्थाओं और संचार अवसंरचना का प्रदर्शन किया। सैन्य अस्पताल, चेन्नई ने क्षेत्र चिकित्सा तथा आपदा राहत शिविरों के समन्वित प्रबंधन की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
भारतीय नौसेना की बाढ़ राहत टीमों (एफआरटी) ने बाढ़ राहत अभियानों के लिए विशेष उपकरणों और क्षमताओं का प्रदर्शन किया। समुद्री खोज एवं बचाव (एसएआर) क्षमताओं का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें चेतक हेलीकॉप्टर और आईएनएस बितरा ने समन्वित युद्धाभ्यास में भाग लिया। भारतीय वायु सेना ने हताहतों को सुरक्षित निकालने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इस दौरान म्यांमार के प्रतिनिधिमंडल के कमोडोर आंग न्यांग विन और दो अन्य अधिकारी हवाई अभियान के दौरान भारतीय वायु सेना के एएलएच हेलीकॉप्टर में सवार रहे।
अभ्यास ‘राहत मित्र’ ने दोनों देशों के रक्षा बलों को अपने परिचालन अनुभव साझा करने, सर्वश्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और उन्हें क्रियान्वित करने में आपसी समझ को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस अभ्यास के माध्यम से दोनों देशों को एक-दूसरे की क्षमताओं और प्रक्रियाओं से परिचित होने का अवसर भी मिला, जिससे आपदा प्रतिक्रिया अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
इस प्रथम अभ्यास का सफल समापन भारत और म्यांमार की द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने तथा आपदा प्रतिक्रिया के लिए सामूहिक तैयारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री सहयोग और प्रभावी मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) में योगदान देने के दोनों देशों के साझा संकल्प को भी रेखांकित करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुणे स्थित रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान से आधुनिक युग की…
भारतीय रेलवे ने पश्चिम बंगाल में काकद्वीप और गंगासागर के बीच नई रेल लाइन के…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा…
क्रिकेट में, मेजबान न्यूजीलैंड ने क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन…
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 29 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा…