अरुणाचल प्रदेश के निचले सुबनसिरी जिले में तेज बारिश से, असम के विभिन्न सीमावर्ती जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। असम में सभी संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर है।
अरुणाचल प्रदेश में हुई भारी वर्षा के बाद असम में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। इसके परिणामस्वरूप असम के धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ और सोनितपुर सहित निचले क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर और प्रवाह की गति में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। अगले एक से दो दिनों में बाढ़ का पानी और आगे के क्षेत्रों की ओर बढ़ सकता है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य इमजेंसी रिस्पोंस दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है। निचले तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, जलमग्न क्षेत्रों से दूर रहने तथा छोटी नावों से यात्रा न करने की सलाह दी गई है।





