देशभर में आज हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी भाषा को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था। क्योंकि भारत में अधिकतर क्षेत्रों में हिंदी भाषा बोली जाती है, इसलिए हिंदी को राजभाषा बनाने का निर्णय लिया। हिंदी को प्रत्येक क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितम्बर को प्रतिवर्ष हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। हिंदी दुनिया में व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है और लगभग 52 करोड़ से अधिक लोगों की पहली भाषा है।
प्रधानमंत्री ने हिंदी दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंदी दिवस के अवसर पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया: “मेरे सभी परिवारजनों को हिन्दी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि हिन्दी भाषा राष्ट्रीय एकता और सद्भावना की डोर को निरंतर मजबूत करती रहेगी।”