भारत

गृह मंत्री अमित शाह ने आज पुणे में महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्री अजित पवार जी की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पुणे में महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्री अजित पवार जी की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, केन्द्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अमित शाह ने कहा कि ‘दादा’ अजित पवार जी का अचानक चले जाना महाराष्ट्र, खासकर पुणे, बारामती, पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र, के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके अचानक निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे किसी एक व्यक्ति द्वारा भरा जाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरे महाराष्ट्र के लिए इतनी बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि वह उनके अच्छे मित्र थे। अमित शाह ने कहा कि उनके जाने से हमने एक ऐसे जननेता को खोया है, जिनके पास विकास की गहरी दृष्टि और पंचायती राज, सहकारिता, कृषि और आधुनिकतम नगर विकास के क्षेत्र में लंबा अनुभव एवं स्पष्ट विजन था।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी का व्यक्तित्व इतना जीवंत और सकारात्मक था कि आँखें बंद करते ही ऐसा लगता है जैसे दादा अभी हमारे सामने खड़े हों। उन्हें कभी बिना मुस्कुराहट के नहीं देखा। हमेशा हँसमुख चेहरा, सकारात्मक सोच और अपने विचारों को साकार करने की क्षमता —ऐसी विरल खूबियाँ ईश्वर ने बहुत कम लोगों को दी हैं। अमित शाह ने कहा कि अजित पवार स्पष्टवादी थे। कोई काम हो सके तो ‘हाँ’, और न हो सके तो ‘ना’ कहते थे। उन्होंने कहा कि सबसे कठिन और निर्णायक राजनीतिक वार्ताओं में भी ‘दादा’ हमेशा स्पष्ट नजर आते थे। उनका उत्तर या तो ‘हाँ’ होता था या ‘ना’। बहुत कम लोगों में ऐसा साहस होता है।

अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी ने अपना करियर बारामती से शुरू किया और महाराष्ट्र के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुँचे। वह ऐसे नेता थे जो सर्वोच्च स्थान पर पहुँचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहे। अमित शाह ने कहा कि ‘दादा’ उनसे बहुत अधिकार के साथ बात करते थे और यह तभी संभव होता है जब मन में बहुत गहरा लगाव हो।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी ने अपना पूरा जीवन सहकारिता क्षेत्र के लिए समर्पित किया और उसमें ढेर सारे कार्य किए। उन्होंने कहा कि ‘दादा’ में काम की इतनी अच्छी परख थी कि उन्हें बखूबी पता था कि क्या महत्वपूर्ण है और किस चीज़ पर जोर देना है।

अमित शाह ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के समय जब वह रोजाना राज्यों से बात किया करते थे, तब अजित पवार जी सुबह 7 बजे से सचिवालय में उपलब्ध रहते थे, तुरंत फोन उठाते थे और दोपहर तक ऑक्सीजन व अन्य व्यवस्थाओं के लिए सक्रिय कार्रवाई भी कर देते थे। उन्होंने कहा कि उस समय स्थिति ऐसी थी कि बाहर निकलने पर कोरोना की चपेट में आने का बहुत डर था, फिर भी कार्यालय में उपलब्ध रहकर पूरी सरकार की तरफ से राहत कार्य चलाना बहुत बड़ी बात है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि दूध सहकारी संघ हो, पैक्स हो, चीनी कारखाने हों, शहरी सहकारी बैंक हो या जिला सहकारी बैंक, सहकारी क्षेत्र की हर समस्या के समाधान का इनसाइक्लोपीडिया खोजना हो तो एक नाम उभरकर आता है और वह है अजित पवार जी का। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होता है जब सहकारिता क्षेत्र के महत्व की गहरी समझ हो और किसानों, गाँव तथा गरीब दूध उत्पादक महिलाओं के प्रति सच्चा लगाव हो। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र की कमियाँ, खूबियाँ और उसका प्रशासन किसी पुस्तक से नहीं सीखा जा सकता। यह तभी समझ आता है जब कोई नीचे से ऊपर तक इस क्षेत्र में काम करे। अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी ने महाराष्ट्र के सहकारिता क्षेत्र को न केवल बहुत अच्छे ढंग से पोषित किया, बल्कि उसे आगे बढ़ाने और उसकी दिक्कतों को दूर करने के लिए निरंतर परिश्रम भी किया।

अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी ने उप-मुख्यमंत्री होने के बावजूद जनता के बीच रहने की आदत जीवन के अंत तक बनाए रखी।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अजित पवार जी काम के प्रति समर्पित नेता थे। ईश्वर ने उन्हें समय से पहले अपने पास बुला लिया, जिसका दुख हम सभी को है। परंतु उन्होंने जो कार्य किया और लोगों के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने और योजनाबद्ध ढंग से, अनुशासन के साथ और समयबद्ध तरीके से काम करने की जो कार्य-पद्धति निर्मित की, वह आने वाले समय में महाराष्ट्र के कई युवा राजनीतिज्ञों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Editor

Recent Posts

अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद ने जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध अध्यक्ष चुना

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आज घोषणा की है कि जय शाह को लगातार दूसरे…

1 घंटा ago

प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग…

1 घंटा ago

TDB-DST ने स्वदेशी महत्वपूर्ण खनिज पुनर्प्राप्ति तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए आरडीआई फंड के अंतर्गत नियोसीकर मेटल्स के साथ समझौता किया

भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में विस्तार के…

1 घंटा ago

उपराष्ट्रपति ने भुवनेश्वर में ओडिशा की 17वीं विधानसभा के विधायकों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित किया

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा की 17वीं ओडिशा विधानसभा के…

1 घंटा ago

भारत और मिस्र ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए मंत्री-स्तरीय 7वीं संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) की बैठक आयोजित की

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश और विदेश व्यापार मंत्री…

4 घंटे ago