भारत और मलेशिया ने आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराधों के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दोहराया
भारत और मलेशिया ने आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराधों के विरूद्ध सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। नई दिल्ली में आतंकरोधी और अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए भारत-मलेशिया संयुक्त कार्य समूह की तीसरी बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक आतंकवाद परिदृश्य पर विचार- विमर्श किया।
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्रालय में आतंकरोधी मामलों के संयुक्त सचिव विनोद बहादे और मलेशिया के गृह मंत्रालय में अवर सचिव मोहम्मद अजलन बिन रजाली ने की।
दोनों पक्षों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा की तथा व्यापक और स्थायी तौर पर आतंकवाद से लड़ने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, वित्तीय कार्रवाई कार्यबल, मनी लॉन्ड्रिंग पर एशिया/पैसिफिक ग्रुप और आसियान क्षेत्रीय मंच सहित बहुपक्षीय मंचों में सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी।





