भारत ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर के हालात पर पाकिस्तानी रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ़ की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। भारत ने कहा है कि ये टिप्पणियां पाकिस्तान की नाकामियों को छिपाने और मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटकाने की कोशिश है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर के विरोध-प्रदर्शन इसलिए हो रहे हैं कि पाकिस्तान वहां के लोगों का दशकों से आर्थिक शोषण, बुनियादी अधिकारों का हनन और प्रशासनिक दमन कर रहा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी प्रशासन ने निहत्थे नागरिकों के साथ बर्बर व्यवहार किया है, ज़रूरी सामान और दवाओं की आपूर्ति रोक दी गई है और इंटरनेट बंद हैं। प्रवक्ता ने आशा व्यक्त की है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके कृत्यों और अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराएगा।





