भारत ने इस्राइल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से कड़ी सावधानी बरतने का परामर्श जारी किया
भारत ने इस्राइल में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों से क्षेत्र में वर्तमान स्थिति को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने को कहा है। इस्राइल स्थित भारतीय दूतावास ने परामर्श में भारतीय नागरिकों से इस्राइल के अधिकारियों और गृह मोर्चा कमान द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
सभी भारतीय नागरिकों से निर्धारित आश्रय स्थलों के निकट रहने और अपने निवास या कार्यस्थल के आस-पास के सुरक्षित स्थानों से परिचित होने को कहा गया है। भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक इस्राइल के भीतर सभी गैर-जरूरी और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है। भारतीय नागरिक किसी भी आपात स्थिति में तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास से चौबीस घंटे हेल्पलाइन +972-54-7520711 और ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in इनके माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। परामर्श में कहा गया है कि दूतावास संबंधित अधिकारियों के साथ सम्पर्क में है और आवश्यकता के अनुसार अपडेट जारी करता रहेगा।





