insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

भारत ने अमरीका में 11 सितंबर के हमलों के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की

भारत ने आतंकवादियों को पनाह देने के लिए पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों और अमरीका में 11 सितंबर के आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार अल-कायदा के बीच सीधा संबंध बताया है। अफगानिस्तान की स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में उन्‍होंने न्यूयॉर्क में 9/11 स्मारक की परिषद की हालिया यात्रा का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से 11 सितंबर के हमलों के पीड़ितों को याद करने का आह्वान किया। पी. हरीश ने आतंकवादियों के साथ-साथ उन्हें सहायता, वित्तपोषण, सहयोग और शरण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का आग्रह किया। स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि जिसने 9/11 के साजिशकर्ताओं को पनाह दी थी, वही लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे अल-कायदा से जुड़े संगठनों को भी मदद करता रहा है। पी. हरीश ने बताया कि 9/11 की साजिश से जुड़े अल-कायदा के कई लोगों को पाकिस्तान में पकड़ा गया या गिरफ्तार किया गया।

पी. हरीश ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों और उनके सहयोगियों द्वारा उत्पन्न निरंतर खतरे का भी उल्‍लेख किया और उन पर संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों से बचने के लिए अलग-अलग पहचानों के तहत काम करने का आरोप लगाया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *