insamachar

आज की ताजा खबर

12th meeting of BRICS communications minister
भारत

भारत कल ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की मेजबानी करेगा

भारत, ब्रिक्स की अपनी अध्यक्षता में 21 अगस्त 2026 को ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के संचार मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी), डिजिटल परिवर्तन, नवाचार और सुदृढ़ डिजिटल अवसंरचना में सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होंगे।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के मुख्य विषय “सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण” और आईसीटी ट्रैक के विषय “सुदृढ़ भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन” के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। ये प्राथमिकताएं समावेशी, सुरक्षित और टिकाऊ डिजिटल विकास को बढ़ावा देने और ब्रिक्स देशों के बीच प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक में उभरती प्रौद्योगिकियों, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, भविष्य के नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, क्षमता निर्माण और समावेशी डिजिटल कनेक्टिविटी पर विचारों का आदान-प्रदान करने का मौका मिलेगा। इस विचार-विमर्श में ब्रिक्स देशों और व्यापक विकासशील, कम विकसित या अल्पविकसित देशों (ग्लोबल साउथ) में डिजिटल परिवर्तन को समर्थन देने के लिए व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

भारत ने ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान सुदृढ़ डिजिटल अवसंरचना, भविष्य के नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई), नवाचार और क्षमता निर्माण पर केंद्रित पहलों के माध्यम से सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) में सहयोग को मजबूत करने पर विशेष बल दिया है। दूरसंचार विभाग ने ब्रिक्स कार्य समूह के तहत सूचना और संचार प्रौद्योगिकी सहयोग संबंधी चर्चाओं का नेतृत्व भी किया है, जिसमें प्रस्तावित ब्रिक्स क्षमता निर्माण केंद्र और उभरती प्रौद्योगिकियों में बेहतर सहयोग शामिल हैं।

यह बैठक 2025 में ब्राजील की ब्रिक्स अध्यक्षता में आयोजित 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान पहचाने गए परिणामों और सहयोग के क्षेत्रों पर भी आधारित होगी। पिछली बैठक में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और वैश्विक डिजिटल शासन में ब्रिक्स सदस्यों के बीच निरंतर सहयोग के महत्व की पुष्टि की गई थी।

कार्यक्रम के अंतर्गत, ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया एक मीडिया ब्रीफिंग भी आयोजित करेंगे, जिसमें वे ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की चर्चाओं और प्रमुख परिणामों का संक्षिप्त विवरण प्रदान करेंगे।

केंद्रीय मंत्री डिजिटल ब्रिक्स फोरम एक्सपो का भी दौरा करेंगे, जहां ब्रिक्स परितंत्र से संबंधित डिजिटल प्रौद्योगिकियों, नवाचारों और समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह एक्सपो भारत की तकनीकी क्षमताओं को उजागर करने और सहभागी देशों तथा हितधारकों के बीच अधिक संवाद और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगा।

ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक भारत की अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह डिजिटल क्षेत्र में मजबूत साझेदारी बनाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) में व्यापक सहयोग के माध्यम से, ब्रिक्स देश अधिक सुदृढ़, समावेशी, सुरक्षित और टिकाऊ डिजिटल भविष्य की दिशा में योगदान दे सकते हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *