insamachar

आज की ताजा खबर

Indian Railways inaugurated the Kavach system
वायरल न्यूज़

भारतीय रेलवे ने दिल्ली-हावड़ा उच्च घनत्व वाले गलियारे के प्रयागराज-कानपुर खंड के 190 किलोमीटर मार्ग पर कवच प्रणाली का उद्घाटन किया

भारतीय रेलवे ने 22 मार्च 2026 को दिल्ली-हावड़ा उच्च घनत्व वाले कॉरिडोर के प्रयागराज- कानपुर (दोनों स्टेशनों को छोड़कर) खंड (190 किलोमीटर) पर कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली को सफलतापूर्वक चालू कर दिया। कवच प्रणाली को ट्रेन संख्या 14163 के ज़रिए लागू किया गया। महाप्रबंधक ने कवच प्रणाली के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए सूबेदारगंज से मनौरी स्टेशन तक ट्रेन संख्या 14163 में फुटप्लेट निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर पीएचओडी, डीआरएम/प्रयागराज, मुख्यालय के अधिकारी और मंडल अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पहले चरण में, कवच प्रणाली आठ जोड़ी ट्रेनों में शुरू की जाएगी : 14113/14114, 14163/14164, 12307/12308, 12417/12418, 22437/22438, 15003/15004, 20433/20434 और 12403/12404)। अतिरिक्त ट्रेनों और वंदे भारत प्रणाली को इसमें धीरे-धीरे शामिल किया जाएगा।

इस प्रणाली के शुरू होने से भारतीय रेलवे के सबसे अहम खंडों में से एक पर 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाने, रेलवे सुरक्षा बढ़ाने और परिचालन दक्षता में सुधार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।

इस प्रक्रिया को शुरू करने से पहले, व्यापक और कठोर परीक्षण सफलतापूर्वक किए गए। परीक्षण में 8, 16 और 22 एलएचबी कोच कॉन्फ़िगरेशन वाले डब्ल्यूएपी-7 लोकोमोटिव के साथ-साथ 20 कोच वाली वंदे भारत रेक का उपयोग किया गया, जिससे विभिन्न परिचालन स्थितियों में प्रणाली की विश्वसनीयता मापी गई। डब्ल्यूएपी-7 एक उच्च-प्रदर्शन वाला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव है, जिसका उपयोग भारतीय रेलवे द्वारा यात्री ट्रेनों को खींचने के लिए किया जाता है, जिसमें राजधानी, शताब्दी और दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम सेवाएं शामिल हैं।

ट्रेन संख्या 15003/15004 (चौरी चौरा एक्सप्रेस) का उपयोग करते हुए यात्री परीक्षण भी किए गए, जिसने नियमित सेवा के दौरान लगातार और विश्वसनीय प्रदर्शन किया।

20,000 किलोमीटर से अधिक के यात्री परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं और सभी सिस्टम सत्यापन संतोषजनक पाए गए हैं।

कवच प्रणाली निम्नलिखित विशेषताओं के ज़रिए रेलवे सुरक्षा को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाती है:

  • स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी)
  • खतरे के सिग्नल को पार करने से रोकना (एसपीएडी)
  • मानवीय त्रुटि की स्थिति में स्वचालित ब्रेक लगाना

कवच, मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है, जिसे भारतीय रेलवे में सुरक्षा बढ़ाने और ट्रेन संचालन को आधुनिक बनाने के लिए धीरे-धीरे लागू किया जा रहा है।

इससे पहले, व्यापक और विस्तृत परीक्षणों के बाद, कवच संस्करण 4.0 को दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त मार्गों सहित 1,452 किलोमीटर मार्गों पर सफलतापूर्वक चालू किया जा चुका है।

भारतीय रेलवे आधुनिक सुरक्षा प्रौद्योगिकियों को अपनाने और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों के लिए सुरक्षित, अधिक विश्वसनीय और कुशल ट्रेन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

अगले चरण में, मिशन रफ्तार के उद्देश्यों में से एक के रूप में, गाजियाबाद-टुंडला खंड में 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाने के लिए कवच प्रणाली शुरू की जाएगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *