ईरान ने दी चेतावनी- यदि अमरीका ने देश के बिजली संयंत्रों पर हमले किए तो हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी दी है कि अगर अमरीका, ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करता है तो ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद कर देगा और जलमार्ग को तब तक नहीं खोला जाएगा जब तक कि ईरान के बिजली संयंत्रों का दोबारा निर्माण नहीं हो जाता।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने अपने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के 74वें चरण की घोषणा की है, इस चरण में शक्तिशाली मिसाइल के इस्तेमाल और इस्राएल में सैन्य तथा सुरक्षा ठिकानों पर हमले का दावा किया गया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर चेतावनी में कहा है कि अगर उसके बिजली संयंत्रों पर हमला होता है, तो पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, ऊर्जा केन्द्रों और तेल सुविधाओं को निशाना बनाया जाएगा।
इस बीच, ब्रिटेन में ईरान के राजदूत और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन में स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान के दुश्मनों को छोड़कर सभी देशों के लिए खुला रहेगा और ईरान के साथ आवश्यक रक्षा व्यवस्था के बाद जहाजों की सुरक्षित आवाजाही हो सकेगी।





